मस्जिदों में लगे लाउडस्पीकर को बंद करने की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे की मांग के बाद राज्य में सियासी घमासान तेज हो गया है। इस बीच, शिवसेना के सांसद संजय राउत ने कहा है कि महाराष्ट्र सरकार ने भी राज्य के मस्जिदों को अजान की आवाज तय करने को लेकर नोटिस जारी किया है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के गृह मंत्री ने नोटिस जारी किया है जिसमें कहा गया है कि अजान करते समय डेसिबल स्तर कितना होना चाहिए। बता दें कि MNS प्रमुख राज ठाकरे ने मस्जिदों के लाउडस्पीकर बंद किए जाने की शनिवार को मांग की थी।
राज ठाकरे ने की थी लाउडस्पीकर को बंद करने की मांग
राज ठाकरे ने मुंबई के शिवाजी पार्क में एक रैली में कहा था कि मस्जिदों में लाउडस्पीकर इतनी तेज आवाज में क्यों बजाए जाते हैं? अगर इसे नहीं रोका गया तो मस्जिदों के बाहर स्पीकर पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा बजाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं प्रार्थना या किसी विशेष धर्म के खिलाफ नहीं हूं। मुझे अपने धर्म पर गर्व है।
राज ठाकरे ने NCP प्रमुख शरद पवार की भी आलोचना की। उन्होंने उन पर समय-समय पर जाति का मुद्दा उठाने तथा समाज को विभाजित करने का आरोप लगाया। ठाकरे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और अपने चचेरे भाई उद्धव ठाकरे पर भी कटाक्ष किया। बता दें कि शिवसेना 2019 में मुख्यमंत्री पद को लेकर बीजेपी से अलग हो गई थी।
शिवसेना बोली- राज ठाकरे का भाषण BJP ने लिखा था
संजय राउत ने मस्जिदों में लगे लाउडस्पीकर को बंद करने की राज ठाकरे की मांग को लेकर उन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मनसे प्रमुख का भाषण बीजेपी द्वारा लिखित और प्रायोजित था। राउत ने कहा कि यह स्पष्ट है कि लाउडस्पीकर को लेकर दिए गए भाषण की पटकथा बीजेपी ने लिखी और प्रायोजित की थी।
बता दें कि मस्जिदों में लाउडस्पीकर बजने का विवाद अब कर्नाटक में भी फैल गया है। कर्नाटक के मंत्री केएस ईश्वरप्पा ने राज ठाकरे के आह्वान पर कहा कि लाउडस्पीकर के माध्यम से अजान बजाना छात्रों, मरीजों और बुजुर्गों के लिए लंबे समय से एक प्रमुख मुद्दा रहा है।