Delhi News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शुक्रवार (11 अक्टूबर) को आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार पर दिल्ली की अर्थव्यवस्था को बर्बाद करने का आरोप लगाया। भगवा पार्टी ने दावा किया कि दिल्ली सरकार का 2024-25 का बजट 7,000 करोड़ रुपये के घाटे में है। भारतीय जनता पार्टी के इस दावे और आरोप पर राष्ट्रीय राजधानी में सत्तारूढ़ AAP ने फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि AAP प्रमुख और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को केवल सत्ता हासिल करने की चिंता है, उन्हें लोगों के हितों की कोई परवाह नहीं है
पीटीआई के मुताबिक, बांसुरी स्वराज ने नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में एक पत्रकारवार्ता में 'बजट खाते में हेराफेरी' का आरोप लगाया। साथ ही इसकी नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) से जांच कराने की मांग की। स्वराज ने दावा करते हुए कहा कि आप सरकार ने पिछले साल 10 हजार बस मार्शलों को हटा दिया, क्योंकि उसने उनके वेतन के लिए कोई प्रावधान नहीं किया था। इसी वजह से व्यावसायिक शिक्षकों को भी हटा दिया गया।
उन्होंने दावा किया कि आय कम और व्यय अधिक है, जिसके कारण दिल्ली सरकार सात हजार करोड़ रुपये के घाटे में है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास वेतन देने और कचरा निपटान जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए धन नहीं हैं। नई दिल्ली सीट का प्रतिनिधित्व करने वाली बांसुरी स्वराज ने आरोप लगाया कि आप प्रचार और भ्रष्टाचार में व्यस्त है। इसके नेता अरविंद केजरीवाल को केवल सत्ता हासिल करने की चिंता है, उन्हें लोगों के हितों की कोई परवाह नहीं है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस की बड़ी बातें
बीजेपी सांसद ने कहा कि कल दिल्ली फाइनेंस डिपार्टमेंट की एक रिपोर्ट आई है। इस रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो गया है कि दिल्ली की अर्थव्यवस्था के विध्वंस के लिए अरविंद केजरीवाल जी, आम आदमी पार्टी की सरकार और मुख्यमंत्री आतिशी जी पूरी तरह जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि ये अचंभे की बात है कि 31 साल में पहली बार दिल्ली का बजट घाटे में है। इसका अर्थ है कि दिल्ली में खर्च, आय से ज्यादा हो रहा है।
बांसुरी स्वराज ने कहा, "कल दिल्ली वित्त विभाग की एक रिपोर्ट आई है। इस रिपोर्ट से ये स्पष्ट हो गया है कि दिल्ली की अर्थव्यवस्था के विध्वंस के लिए अरविंद केजरीवाल, आम आदमी पार्टी की सरकार और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी जी पूरी तरह जिम्मेदार हैं। 31 साल में पहली बार दिल्ली का बजट घाटे में है, दिल्ली में जो खर्चा है वो दिल्ली की आय से कहीं ज्यादा है, यह घाटा जानबूझकर हुआ है।"
उन्होंने आगे कहा, "नजफगढ़ नाले की सफाई को इस बजट में शामिल नहीं किया गया है। यह चिंताजनक है कि सरकार नालों की सफाई की गंभीरता को नहीं समझती और बजट में इसके लिए प्रावधान नहीं करती।"
BJP सांसद ने कहा, "दिल्ली की मौजूदा स्थिति चिंताजनक है और ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि सरकार लूटपाट और जबरन वसूली में व्यस्त है। यह वास्तव में AAP की जवाबदेही और पारदर्शिता की कमी को दर्शाता है। इससे सवाल उठता है कि जब सरकार लोगों की समस्याओं से बेखबर है तो वह अपनी जिम्मेदारी कैसे निभाएगी!
उन्होंने अपने बयान में आगे कहा, "आतिशी जी, केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की सरकार को पता था कि दिल्ली के पास पैसे की किल्लत है। इसलिए अचानक उन्होंने एक पन्ने का आर्डर निकाला और 1 हजार से अधिक बस मार्शल को बड़ी क्रूरता और निर्ममता से नौकरी से निकाल दिया, उनकी 6 महीने की सैलरी उन्हें नहीं दी।"