भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राजस्थान (Rajasthan), छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh), मध्य प्रदेश (MP) और तेलंगाना (Telangana) के आगामी विधानसभा चुनावों (Assembly Elections) के लिए शुक्रवार को केंद्रीय प्रभारियों व सह-प्रभारियों की नियुक्ति की। इन राज्यों में इस साल के अंत तक चुनाव होने हैं। पार्टी की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को राजस्थान, वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर को छत्तीसगढ़, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को मध्य प्रदेश और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को तेलंगाना का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है।
गुजरात के पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल और हरियाणा के कुलदीप बिश्नोई को राजस्थान का सह-प्रभारी बनाया गया है, जबकि केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया को छत्तीसगढ़ का सह-प्रभारी नियुक्ति किया गया है।
पार्टी ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को मध्य प्रदेश का और भाजपा महासचिव सुनील बंसल को तेलंगाना का सह-प्रभारी नियुक्त किया है।
प्रत्येक राज्य के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा केंद्रीय प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति करती है। प्रभारी व सह प्रभारी चुनावी राज्यों के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठकें करते हैं और चुनावी रणनीति को धार देने में भूमिका निभाते हैं। चुनाव के दौरान उम्मीदवारों के चयन में भी उनकी अहम भूमिका होती है।
प्रभारी और सह-प्रभारी राज्य नेतृत्व व केंद्रीय नेतृत्व के बीच सेतु का काम भी करते हैं।
इससे पहले BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 4 जुलाई को पार्टी की चार राज्य इकाइयों के नेतृत्व में बदलाव की घोषणा की थी, जिसे पार्टी के संगठन और केंद्रीय मंत्रिपरिषद में बड़े बदलाव की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
बाबूलाल मरांडी को BJP की झारखंड इकाई का अध्यक्ष, सुनील जाखड़ को पंजाब और BJP की पूर्व महासचिव डी पुरंदरेश्वरी को पार्टी की आंध्र प्रदेश इकाई का प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को तेलंगाना इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।