भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कुछ प्रमुख राज्यों के विधानसभा चुनाव और 2024 लोकसभा चुनावों (Lok Sabha Polls) से पहले एक बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। सत्ताधारी पार्टी ने मंगलवार को चार राज्यों में अपनी इकाइयों के लिए नए अध्यक्षों की नियुक्ति की। जी किशन रेड्डी (G Kishan Reddy) को तेलंगाना (Telangana) का BJP अध्यक्ष, डी पुरंदेश्वरी (D Purandeshwari) को आंध्र प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी (Babulal Marandi) को झारखंड का नया प्रदेश अध्यक्ष और सुनील जाखड़ (Sunil Jakhar) को पंजाब का पार्टी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
दिलचस्प बात यह है कि जाखड़ पहले पंजाब में कांग्रेस के राज्य प्रमुख के रूप में काम कर चुके हैं। BJP ने तेलंगाना में चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष के रूप में एटाला राजेंदर की नियुक्ति की भी घोषणा की।
पार्टी की ओर से जारी एक रिलीज के मुताबिक, कांग्रेस से BJP में शामिल हुए सुनील जाखड़ को पंजाब, पूर्व केंद्रीय मंत्री डी पुरंदेश्वरी को आंध्र प्रदेश और पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल मरांडी को पार्टी की झारखंड इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
पिछले दिनों कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल हुए आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरन कुमार रेड्डी को बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया गया है।
रिलीज में कहा गया है कि बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने इन नियुक्तियों को अंतिम रूप दिया है और ये तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
ये घटनाक्रम तेलंगाना में अपना घर दुरुस्त करने के BJP के जोर को उजागर करता है, जहां पार्टी में कई अपेक्षाकृत नए लेकिन शक्तिशाली लोग बंदी संजय कुमार के नेतृत्व के खिलाफ थे।
न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि कुमार को आने वाले दिनों में फेरबदल में केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में शामिल किया जा सकता है।
जाखड़ ने अश्विनी शर्मा की जगह ली है, जबकि मरांडी दीपक प्रकाश की जगह आए हैं।
ये फेरबदल उन नेताओं को दी गई जिम्मेदारियों के लिहाज से अहम है, जो दूसरे दलों से BJP में शामिल हुए हैं। जाखड़ कांग्रेस, तो राजेंद्र BRS को छोड़ कर बीजेपी में आए हैं।
इसी तरह पुरंदेश्वरी कांग्रेस में थीं और UPA सरकार में मंत्री थीं। इस घटनाक्रम से कैबिनेट में फेरबदल की अटकलें और तेज हो जाएंगी।