Bypolls Elections: आसनसोल लोकसभा सहित 4 राज्यों की 5 सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी, शत्रुघ्न सिन्हा समेत दांव पर कई दिग्गजों की किस्मत

उपचुनाव के लिए जारी मतदान के बीच कुछ अज्ञात बदमाशों ने आसनसोल से बीजेपी उम्मीदवार अग्निमित्र पॉल के काफिले पर पथराव कर दिया

अपडेटेड Apr 12, 2022 पर 12:26 PM
सभी सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतगणना 16 अप्रैल को की जाएगी

Bypolls 2022 Elections: पश्चिम बंगाल में आसनसोल लोकसभा और बालीगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे से मतदान जारी है। बंगाल के अलावा छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और बिहार की भी एक-एक विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव हो रहा है। इन सभी उपचुनावों के नतीजे 16 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे।

आसनसोल में बीजेपी उम्मीदवार के काफिल पर हमला

उपचुनाव के लिए जारी मतदान के बीच कुछ अज्ञात बदमाशों ने आसनसोल से बीजेपी उम्मीदवार अग्निमित्र पॉल के काफिले पर पथराव कर दिया। अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि तृणमूल के लोगों ने हमारे ऊपर हमला किया। उन्होंने कहा कि हमारे लोग घायल हुए हैं। तृणमूल डर गई है इसलिए ये सब कर रही है। प्रशासन मूक दर्शक बनी हुई है। मेरे सुरक्षाकर्मी पर भी हमला किया गया है।


ये भी पढ़ें- भारत की अमेरिका को दो टूक- 'हम रूस से जितना तेल एक महीने में खरीदते हैं, यूरोप उससे ज्यादा हर दिन इंपोर्ट करता है'

इस बीच, बालीगंज से TMC उम्मीदवार बाबुल सुप्रीयो ने कहा कि सेंट्रल फोर्स का रवैया सही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें साउथ पोर्ट स्कूल के बूथ में घूसने नहीं दिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि आसनसोल के 2,012 मतदान केंद्रों में से कुल 680 और बालीगंज के सभी 300 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है।

बाबुल सुप्रियो के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी आसनसोल सीट

बाबुल सुप्रियो के भारतीय जनता पार्टी (BJP) से तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल होने के बाद उन्होंने आसनसोल के सांसद के रूप में इस्तीफा दे दिया था। वहीं, बालीगंज का प्रतिनिधित्व करने वाले राज्य के मंत्री सुब्रत मुखर्जी का पिछले साल निधन हो गया था। इन कारणों से इन दोनों सीटों पर मतदान हो रहा है।

TMC ने शत्रुघ्न सिन्हा को बनाया है उम्मीदवार

आसनसोल से TMC ने दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा को और BJP ने आसनसोल दक्षिण से विधायक अग्निमित्र पॉल को उम्मीदवार बनाया है। जबकि बालीगंज में तृणमूल ने सुप्रियो और बीजेपी ने केया घोष और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने सायरा शाह को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने भी दोनों सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

बिहार में भी एक सीट पर हो रहा मतदान

बंगाल के अलावा बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की बोचहा विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इस उपचुनाव में करीब 2.90 लाख मतदाता 13 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इन 13 उम्मीदवारों में तीन महिलाएं हैं। इस सीट पर उपचुनाव विधायक मुसाफिर पासवान के निधन के कारण हो रहा है।

पासवान ने बॉलीवुड सेट डिजाइनर से नेता बने मुकेश साहनी की विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के टिकट पर जीत हासिल की थी। VIP ने अब गीता देवी को मैदान में उतारा है। वहीं, बीजेपी ने बैबी कुमारी को टिकट दी है।

छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ विधानसभा सीट पर वोटिंग जारी

छत्तीसगढ़ में नक्सल प्रभावित राजनांदगांव जिले की खैरागढ़ विधानसभा सीट के लिए मंगलवार सुबह सात बजे मतदान जारी है। राजनांदगांव जिले में निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए मतदाता शाम पांच बजे तक मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद खाली हुई इस सीट के लिए 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

इस सीट पर मुख्य मुकाबला सत्ताधारी दल कांग्रेस, विपक्षी दल बीजेपी और जनता कांग्रेस के बीच होने की संभावना है। खैरागढ़ विधानसभा सीट पर ज्यादातर समय कांग्रेस का कब्जा रहा है। हालांकि, 2018 में बीजेपी के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर के बावजूद कांग्रेस इस सीट को नहीं जीत सकी थी। इस सीट पर पार्टी को तीसरे स्थान पर ही संतोष करना पड़ा था।

महाराष्ट्र के कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट

महाराष्ट्र में कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव के लिए मतदान सुबह से जारी है। दिसंबर 2021 में कोविड​​​​-19 से कांग्रेस विधायक चंद्रकांत जाधव के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी। इस कारण यहां उपचुनाव कराए जा रहे हैं। एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे खत्म होगा।

चुनावी मैदान में 15 उम्मीदवार हैं। यहां मुख्य मुकाबला राज्य में महाविकास अघाड़ी नीत सरकार के घटक दल कांग्रेस और विपक्षी बीजेपी के बीच होने की संभावना है। दिवंगत विधायक की पत्नी जयश्री जाधव कांग्रेस की उम्मीदवार हैं। जबकि बीजेपी ने सत्यजीत कदम को चुनाव मैदान में उतारा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।