Coal Smuggling Case: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने आसनसोल और कोलकाता में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की खदानों से कथित तौर पर कोयला तस्करी के मामले में पश्चिम बंगाल के कानून मंत्री मलय घटक (Moloy Ghatak) के परिसरों पर छापे मारे। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि छापे कुल 6 स्थानों पर मारे जा रहे हैं।
CBI ने नवंबर 2020 में अनूप मांझी उर्फ लाला, ईसीएल के जनरल मैनेजर अमित कुमार धर और जयेश चंद्र राय, ईसीएल सुरक्षा प्रमुख तन्मय दास, कुनुस्तोरिया क्षेत्र के सुरक्षा निरीक्षक धनंजय राय और काजोर इलाके के सुरक्षा प्रभारी देबाशीष मुखर्जी के खिलाफ FIR दर्ज की थी।
इस बीच कोलकाता से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीबीआई के अधिकारियों ने पश्चिम वर्धमान जिले के आसनसोल में घटक के तीन मकानों और कोलकाता के लेक गार्डन इलाके में स्थित एक मकान पर छापे मारे।
सीबीआई के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि उनका नाम कोयला तस्करी मामले में सामने आया, हमें यह जानने की जरूरत है कि उसमें उनकी भूमिका क्या रही ? हमारे पास घोटाले में घटक के शामिल होने के पर्याप्त सुबूत हैं।
बताया जा रहा है कि जिस वक्त छापे पड़े, उस वक्त घटक किसी भी मकान में नहीं थे। उन्होंने बताया कि सीबीआई के अधिकारियों ने मंत्री के परिजन के मोबाइल फोन ले लिए और सब को आसनसोल के उनके मकान में एक कमरे में एक साथ बैठा दिया। छापे के दौरान केंद्रीय बलों के जवानों ने उनके मकानों को चारों तरफ से घेर लिया।