कांग्रेस (Congress) अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने 16 सितंबर को हैदराबाद में पार्टी की नई बनी वर्किंग कमेटी की बैठक बुलाई है। AICC महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। दिल्ली में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि 17 सितंबर को एक विस्तारित कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक होगी और इसमें सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख शामिल होंगे।
वेणुगोपाल ने कहा 17 सितंबर की शाम को, हैदराबाद के पास एक रैली आयोजित की जाएगी, जहां पार्टी तेलंगाना में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपनी गारंटी की घोषणा करेगी। इस दौरान महासचिव जयराम रमेश भी मौजूद रहे।
कांग्रेस प्रमुख खड़गे ने 20 अगस्त को नई CWC का ऐलान किया, जिसमें पुराने नेताओं को बरकरार रखा गया था, युवाओं को जगह दी गई थी। इसकी खास बात ये थी पार्टी के शीर्ष निर्णय लेने वाले निकाय में शशि थरूर और आनंद शर्मा जैसे प्रमुख नेताओं को भी शामिल किया गया। ये लोग G23 ग्रुप में भी थे, जिसने पत्र लिख कर पार्टी के भीतर ऊपर से लेकर नीच तक कई बड़े बदलाव की मांग की थी।
खड़गे के कार्यभार संभालने के 10 महीने बाद पार्टी की सबसे अहम समिति का दोबारा से गठन किया गया। इसमें 39 नियमित सदस्य, 32 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 13 विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। इनमें 15 महिलाएं और सचिन पायलट और गौरव गोगोई जैसे कई नए चेहरे शामिल हैं, जो नियमित सदस्यों में से एक हैं।
सोनिया गांधी ने बुलाई रणनीति समूह की बैठक
कांग्रेस संसदीय दल (CCP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 18-22 सितंबर तक संसद के विशेष सत्र की योजना पर चर्चा के लिए मंगलवार शाम 5 बजे पार्टी के संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई है।
दूसरी तरफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सत्र के लिए संयुक्त रणनीति पर चर्चा के लिए भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन या I.N.D.I.A के सांसदों की एक बैठक भी बुलाई है।
लोकसभा और राज्यसभा सचिवालयों ने कहा है कि केंद्र सरकार ने 18 से 22 सितंबर तक प्रश्नकाल या निजी सदस्यों के कामकाज के बिना संसद के दोनों सदनों का सत्र बुलाया है। सत्र में पांच बैठकें होंगी और सदस्यों को अनंतिम कैलेंडर के बारे में अलग से सूचित किया जाएगा।