UP Politics News: कांग्रेस की पिछले हफ्ते से जारी 'उत्तर प्रदेश जोड़ो यात्रा' के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मुख्य विपक्षी पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। बीजेपी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस का एक मात्र उद्देश्य देश को लूटना और परिवार को समृद्ध बनाना है। बता दें कि कांग्रेस ने 20 दिसंबर से 'उत्त प्रदेश जोड़ो यात्रा' सहारनपुर से शुरू की। मंगलवार को कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर पोस्ट किया, "प्यार का पैगाम और लोकतंत्र बचाने का संदेश लेकर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में चल रही 'उप्र जोड़ो यात्रा' के सातवें दिन का यात्रा मार्ग।"
इस पोस्ट में यात्रा स्थलों का जिक्र करते हुए कहा गया है, "इन राहों पर चलकर हम प्रदेश को मोहब्बत के एक धागे में पिरो रहे हैं।" सातवें दिन कांग्रेस की यात्रा मुरादाबाद जिले के विभिन्न मार्गों से गुजरेगी। कांग्रेस ने कहा कि इन राहों पर चलकर हम प्रदेश को मोहब्बत के एक धागे में पिरो रहे हैं।
इस बीच, BJP की उत्तर प्रदेश इकाई ने X पर दावा किया, "देश ने देखा परिवारवाद से विकासवाद तक का सफर, दशकों तक एक ही परिवार ने देश में राज किया, जिसका मात्र एक ही उद्देश्य था, देश को लूटना और परिवार को समृद्ध बनाना।"
BJP ने इस पोस्ट में बीजेपी सरकार के कार्यों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी से लेकर राहुल और प्रियंका गांधी वाद्रा की भी तस्वीरें हैं। इस वीडियो में पीएम मोदी कांग्रेस पर निशाना साधते सुने जा सकते हैं। भगवा पार्टी ने कांग्रेस पर घोटालों का भी आरोप लगाया है।