Credit Cards

Congress President Election: गहलोत का ऐलान-कांग्रेस अध्यक्ष के लिए जरूर करूंगा दावेदारी, क्या राजस्थान CM का पद छोड़ने को हुए राजी?

अशोक गहलोत ने यह भी कहा कि उनके कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने की सूरत में उनके उत्तराधिकारी को लेकर कोई भी फैसला पार्टी की मौजूदा अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा किया जाएगा

अपडेटेड Sep 23, 2022 पर 1:21 PM
Story continues below Advertisement
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए गुरुवार 22 सितंबर को अधिसूचना जारी कर दी गई

Congress President Election 2022: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Rajasthan CM Ashok Gehlot) ने शुक्रवार को पहली बार आधिकारिक तौर पर कहा कि वह निश्चित रूप से कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे। गहलोत ने यह भी कहा कि उनके कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने की सूरत में उनके उत्तराधिकारी को लेकर कोई भी फैसला पार्टी की मौजूदा अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा किया जाएगा।

गहलोत ने कहा, "जब सब कांग्रेस कमेटी ये प्रस्ताव पास कर रही हैं कि आपको (राहुल गांधी) अध्यक्ष बनना चाहिए तो फिर आप उसे स्वीकार कीजिए। मैंने उनसे काफी बात करने की कोशिश की। उनका कहना है कि हमने फैसला कर लिया कि इस बार कोई गांधी परिवार का व्यक्ति उम्मीदवार नहीं बनेगा।"

ये भी पढ़ें- हिजाब न पहनने पर ईरान के राष्ट्रपति ने अमेरिकी महिला पत्रकार को इंटरव्यू देने से किया इनकार, 40 मिनट तक इंतजार करती रही एंकर


सीएम ने आगे कहा, "तारीख तो मैं अभी जाकर पक्की करूंगा। ये तय है कि मैं चुनाव लड़ूंगा (कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए)। जो हालात देश के हैं उसके लिए प्रतिपक्ष का मजबूत होना बहुत जरूरी है और उसके लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।"

कांग्रेस के नेतृत्व के संदर्भ में राहुल गांधी के 'एक व्यक्ति, एक पद' वाले बयान और चुनाव जीतने की सूरत में मुख्यमंत्री के रूप में उनके संभावित उत्तराधिकारी के बारे में पूछे जाने पर गहलोत ने कहा कि मौजूदा पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राजस्थान में पार्टी मामलों के प्रभारी अजय माकन इस संबंध में फैसला लेंगे।

चुनाव के लिए अधिसूचना जारी

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए गुरुवार 22 सितंबर को अधिसूचना जारी कर दी गई। इसके साथ ही देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल के सर्वोच्च पद पर आसीन होने वाले व्यक्ति को चुनने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरूआत हो गई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री की अध्यक्षता वाले केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण की ओर से यह अधिसूचना जारी की गई।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार, अधिसूचना जारी होने के बाद अब नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम डेट 8 अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर के चुनावी समर में उतरने का स्पष्ट संकेत देने के बाद यह संभावना प्रबल हो गई है कि 22 साल बाद देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी का प्रमुख चुनाव के जरिए चुना जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।