Delhi CM Oath Ceremony: विजेंद्र गुप्ता होंगे दिल्ली विधानसभा के स्पीकर, बोले- सदन में सबसे पहले CAG रिपोर्ट पेश करूंगा

Delhi Chief Minister Oath Ceremony: दिल्ली की नई सरकार में प्रवेश वर्मा सहित छह कैबिनेट मंत्री होंगे। दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ उन्हें गुरुवार (20 फरवरी) दोपहर को पद की शपथ दिलाई जाएगी। प्रवेश वर्मा ने हाल में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को हराया था

अपडेटेड Feb 20, 2025 पर 11:53 AM
Story continues below Advertisement
Delhi CM Oath Ceremony: विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि मैं सबसे पहले कैग रिपोर्ट को सदन में पेश करूंगा, जिन्हें पिछली AAP सरकार ने लंबित रखा था

Delhi CM Oath Ceremony News Updates: रोहिणी से विधायक विजेंद्र गुप्ता को दिल्ली विधानसभा के स्पीकर पद के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) का उम्मीदवार नामित किया गया है। गुप्ता ने पार्टी द्वारा उन्हें विधानसभा के स्पीकर पद के लिए नामित किए जाने की पुष्टि करते हुए पीटीआई से कहा कि मैं सबसे पहले उन कैग (भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक) रिपोर्ट को सदन में पेश करूंगा, जिन्हें पिछली AAP (आम आदमी पार्टी) सरकार ने लंबित रखा था।

रोहिणी से तीसरी बार विधायक चुने गए सिंह ने अन्य बीजेपी विधायकों के साथ मिलकर अदालत का दरवाजा खटखटाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि पूर्ववर्ती AAP सरकार अपने प्रदर्शन पर कैग की 14 रिपोर्ट को विधानसभा में पेश किए जाने से रोक रही है।

नवगठित आठवीं दिल्ली विधानसभा में बीजेपी के 48 विधायक हैं। जबकि विपक्षी AAP के 22 विधायक हैं। विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव सदन के सदस्यों द्वारा किया जाता है। दिल्ली की नई सरकार में प्रवेश वर्मा सहित छह कैबिनेट मंत्री होंगे। दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ उन्हें गुरुवार (20 फरवरी) दोपहर को पद की शपथ दिलाई जाएगी


प्रवेश वर्मा ने हाल में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को हराया था। राष्ट्रीय राजधानी की भावी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिपरिषद के सदस्य आज यानी गुरुवार (20 फरवरी) दोपहर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में रामलीला मैदान में शपथ लेंगे।

इसके साथ ही दिल्ली में 26 साल बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सत्ता में वापसी होगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय की एक अधिसूचना में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने नामित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सलाह पर भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को दिल्ली सरकार में मंत्री नियुक्त किया है। ये नए मंत्री मुख्यमंत्री पद के लिए चुनी गईं गुप्ता के साथ रामलीला मैदान में एक भव्य समारोह में गुरुवार को शपथ लेंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री मोदी और अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे।

दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने बुधवार देर शाम राज निवास में रेखा गुप्ता द्वारा सरकार बनाने का दावा पेश किए जाने के बाद उन्हें नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। उपराज्यपाल के शपथ दिलाने के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन जाएंगी। हरियाणा के जुलाना में जन्मी गुप्ता दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से बीकॉम हैं। बाद में उन्होंने मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री हासिल की। फिर उन्होंने एक वकील के रूप में भी काम किया।

आरएसएस से पिछले 32 साल से जुड़ीं रेखा ने 1992 में दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलतराम कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के साथ अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। वह 1995-96 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की सचिव बनी थीं और 1996-97 में डूसू अध्यक्ष चुनी गईं।

पहली कैबिनेट में बैठक में क्या होगा फैसला?

पार्टी सूत्रों ने दावा किया कि रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की पहली बैठक दिल्ली सचिवालय में दोपहर करीब तीन बजे होने की संभावना है। इस बैठक में महिला समृद्धि योजना और आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना को लागू किया जा सकता है। महिला समृद्धि योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक भुगतान किया जाएगा। बीजेपी ने पांच फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में 70 में से 48 सीट जीतकर दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली AAP के एक दशक लंबे शासन को समाप्त कर दिया।

BJP ने आखिरी बार 1993-98 में दिल्ली में सत्ता हासिल की थी।पार्टी नेताओं ने बताया कि पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से संबंध हैं। रेखा हाल में समाप्त हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुई हैं। वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में BJP की चौथी मुख्यमंत्री होंगी। शपथ ग्रहण के बाद, वह वर्तमान में बीजेपी शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला सीएम होंगी।

ये भी पढे़ं- दिल्ली की नई CM रेखा गुप्ता के साथ प्रवेश वर्मा समेत ये 6 मंत्री लेंगे शपथ, जानें- किस विधायक का नाम है शामिल

Akhilesh

Akhilesh

First Published: Feb 20, 2025 11:53 AM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।