Delhi CM Oath Ceremony News Updates: दिल्ली की नई सरकार में प्रवेश वर्मा सहित छह कैबिनेट मंत्री होंगे। दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ उन्हें गुरुवार (20 फरवरी) दोपहर को पद की शपथ दिलाई जाएगी। प्रवेश वर्मा ने हाल में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को हराया था। राष्ट्रीय राजधानी की भावी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिपरिषद के सदस्य आज यानी गुरुवार (20 फरवरी) दोपहर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में रामलीला मैदान में शपथ लेंगे। इसके साथ ही दिल्ली में 26 साल बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सत्ता में वापसी होगी।
केंद्रीय गृह मंत्रालय की एक अधिसूचना में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने नामित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सलाह पर भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को दिल्ली सरकार में मंत्री नियुक्त किया है। ये नए मंत्री मुख्यमंत्री पद के लिए चुनी गईं गुप्ता के साथ रामलीला मैदान में एक भव्य समारोह में गुरुवार को शपथ लेंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री मोदी और अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे।
दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने बुधवार देर शाम राज निवास में रेखा गुप्ता द्वारा सरकार बनाने का दावा पेश किए जाने के बाद उन्हें नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। उपराज्यपाल के शपथ दिलाने के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन जाएंगी।
पार्टी सूत्रों ने दावा किया कि रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की पहली बैठक दिल्ली सचिवालय में दोपहर करीब तीन बजे होने की संभावना है। इस बैठक में महिला समृद्धि योजना और आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना को लागू किया जा सकता है। महिला समृद्धि योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक भुगतान किया जाएगा।
बीजेपी ने पांच फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में 70 में से 48 सीट जीतकर दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली AAP के एक दशक लंबे शासन को समाप्त कर दिया। BJP ने आखिरी बार 1993-98 में दिल्ली में सत्ता हासिल की थी।पार्टी नेताओं ने बताया कि पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से संबंध हैं।
रेखा हाल में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुई हैं। वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में BJP की चौथी मुख्यमंत्री होंगी। शपथ ग्रहण के बाद, वह वर्तमान में बीजेपी शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होंगी।