Delhi MCD Election: दिल्ली में एमसीडी चुनाव के लिए मतदान समाप्त, 1349 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद, 7 दिसंबर को आएंगे नतीजे

Delhi MCD Election: एमसीडी चुनाव के लिए वोटिंग खत्म हो गई है। दिल्ली एमसीडी चुनाव में लगभग 50 फीसदी मतदान हुआ है

अपडेटेड Dec 04, 2022 पर 7:29 PM
MCD Elections 2022: 7 दिसंबर को दिल्ली नगर निगम चुनाव के नतीजे आएंगे

Delhi MCD Election Live: दिल्ली नगर निगम (MCD) के 250 वार्डों के लिए मतदान समाप्त हो चुका है। दिल्ली एमसीडी चुनाव में सभी 250 वार्डों में शाम साढ़े 5 बजे तक लगभग 50 फीसदी मतदान हुआ। सुबह 8 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम साढ़े 5.30 बजे तक चली। वोटों की गिनती 7 दिसंबर को की जाएगी। इस चुनाव में कुल 1,349 उम्मीदवार मैदान में ताल ठोंक रहे हैं। आम आदमी पार्टी (AAP), भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। परिसीमन के बाद इस साल की शुरुआत में उत्तरी, दक्षिणी और पूर्वी दिल्ली नगर निगमों को एक करके दिल्ली नगर निगम का बनाया गया। इसके बाद यह पहला चुनाव है।

लाइव अपडेट्स....

  • दिल्ली एमसीडी चुनाव में सभी 250 वार्डों में शाम साढ़े पांच बजे तक लगभग 50 फीसदी मतदान हुआ: राज्य चुनाव आयोग
  • एमसीडी चुनाव के लिए वोटिंग खत्म हो गई है। दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए राजधानी में 13638 मतदान केंद्र बनाए गए थे। नतीजे 7 दिसंबर को आएंगे।
  • राज्य चुनाव आयोग के अनुसार दिल्ली MCD चुनाव में शाम चार बजे तक 45 फीसदी मतदान हो चुका है।
  • दिल्ली एमसीडी चुनाव में मतदान जारी है। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार दिल्ली नगर निगम चुनाव में दोपहर 2 बजे तक 30 फीसदी मतदान हो चुका है।
  • दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 में सुबह दोपहर 12 बजे तक 18% मतदान दर्ज किया गया: राज्य चुनाव आयोग
  • दिल्ली पुलिस निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है।
  • दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने परिवार के साथ मतदान किया। मतदान करने के बाद केजरीवाल ने कहा कि हम दिल्ली से बेहद प्यार करते हैं, दिल्ली की जनता से अपील है कि वे मतदान करें। आप ऐसी पार्टी को वोट दें जो काम करती है, कट्टर ईमानदार पार्टी को वोट दें, भष्टाचारी को नहीं शरीफ को वोट दें। अगले 5 साल तक काम करके दिल्ली को चमकाना है।
  • केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मतदान करने के बाद कहा कि ये चुनाव दिल्ली के लिए वेक-अप कॉल हैं। 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाना है...हाल ही में एक रिपोर्ट आई है कि अगले 4-5 साल में हम तीसरे(अर्थव्यवस्था) स्थान पर जा रहे हैं। इसलिए हमें ये भी देखना होगा कि हम राजनीति के किस ब्रांड चुन रहे हैं।

दिल्ली नगर निगम (MVD) चुनाव में 1.45 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करने के पात्र थे। कुल 1,349 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में मतदाताओं की कुल संख्या 1,45,05,358 हैं जिनमें 78,93,418 पुरुष, 66,10,879 महिलाएं और 1,061 ट्रांसजेंडर व्यक्ति हैं। मतों की गिनती सात दिसंबर को होगी।


अधिकारियों ने मतदान के लिए दिल्ली में 13,638 मतदान केंद्र स्थापित किए थे। फरवरी 2020 के दंगों के बाद राष्ट्रीय राजधानी में होने वाला यह पहला निगम चुनाव भी था। अधिकारियों द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार 493 स्थानों पर 3,360 बूथ संवेदनशील के रूप में चिह्नित किए गए थे।

निर्वाचन अधिकारियों ने कहा कि मतदाताओं के गुणवत्तापूर्ण अनुभव के लिए दिल्ली में सभी विधानसभा क्षेत्रों को कवर करने वाले 68 मॉडल मतदान केंद्र और इतने ही ‘पिंक’ मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 100 और उससे अधिक आयु के 229 मतदाता हैं और 80 से अधिक लेकिन 100 वर्ष से कम आयु के 2,04,301 मतदाता थे।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।