दिल्ली के उसका नया मेयर मिल गया है। आम आदमी पार्टी के पार्षद महेश कुमार खीची दिल्ली के नए मेयर चुने गए हैं। दिल्ली नगर निगम (MCD) के अगले मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान हुआ। आमतौर पर अप्रैल में होने वाले चुनाव सत्तारूढ़ AAP और विपक्षी BJP के बीच झगड़े के कारण टल गए और नए मेयर को केवल पांच महीने का कार्यकाल मिलने की संभावना है। करोल बाग के देव नगर वार्ड से AAP पार्षद खिची ने शकूरपुर वार्ड से BJP के पार्षद किशन लाल को हराया।
अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राष्ट्रीय राजधानी में सत्तारूढ़ पार्टी के लिए ये बड़ी जीत है।
अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी की ओर से मैदान में उतारे गए दलित उम्मीदवार खिची ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के किशन लाल को तीन वोटों के मामूली अंतर से हराया। खीची को जहां 133 वोट मिले, वहीं लाल को 130 वोट मिले। दो वोट अवैध घोषित किए गए।
AAP पार्षदों ने भी की क्रॉस वोटिंग
इस बीच, AAP पार्षदों की ओर से क्रॉस वोटिंग भी की गई और केजरीवाल की पार्टी के 10 सदस्यों ने BJP उम्मीदवार को वोट दिया।
कांग्रेस के आठ पार्षदों ने मतदान प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया। डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए पड़े वोटों की गिनती जारी है.
राष्ट्रीय राजधानी से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सभी सात लोकसभा सांसदों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
चुनावों के बीच कांग्रेस पार्षद सबीला बेगम ने बृहस्पतिवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देते हुए कहा कि वह AAP उम्मीदवार को वोट देंगी। उनके पति ने उनका त्यागपत्र ‘X’ पर पोस्ट किया। बेगम इससे पहले 2022 में आप में शामिल हो गई थीं और बाद में कांग्रेस में वापस आ गई थीं।