Jahangirpuri Violence: दिल्ली हिंसा मामले में सबूत की तलाश में जहांगीरपुरी पहुंची फॉरेंसिक टीम, अब तक दो नाबालिग सहित 23 गिरफ्तार

जहांगीरपुरी हिंसा मामले में जांच के लिए फॉरेंसिक की एक टीम सोमवार सुबह जहांगीरपुरी के C-ब्लॉक पहुंची

अपडेटेड Apr 18, 2022 पर 2:50 PM
Story continues below Advertisement
हिंसा मामले में 2 किशोरों सहित अब तक 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया है

Jahangirpuri Violence: दिल्ली के जहांगीरपुरी (Jahangirpuri Clash) इलाके में शनिवार को हनुमान जयंती (Hanuman Jayanti Violence) के जुलूस के दौरान हुई हिंसा मामले में सबूत की तलाश में फॉरेंसिक की एक टीम मौके पर पहुंच गई है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, जहांगीरपुरी हिंसा मामले में जांच के लिए फॉरेंसिक की एक टीम सोमवार सुबह जहांगीरपुरी के C-ब्लॉक पहुंची।

दिल्ली के जहांगीरपुरी में 16 अप्रैल को हनुमान जयंती के मौके पर शोभायात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच में हिंसा शुरू हो गई थी। इस दौरान फायरिंग तक की गई। पुलिस ने इस मामले में अभी तक 23 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। अबतक यह जांच स्थानीय पुलिस कर रही थी और अन्य यूनिट की टीमें मदद कर रही थीं।


घायल सब-इंस्पेक्टर के घर पहुंचे दिल्ली पुलिस कमिश्नर

दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना रविवार रात जहांगीरपुरी हिंसा में घायल सब इंस्पेक्टर मेदालाल से मिलने उनके घर पहुंचे। जहांगीरपुरी हिंसा में करीब 10 लोग घायल हुए थे, जिनमें से एक मेदालाल भी थे। मेदालाल हिंसा के दौरान चली गोली की वजह से घायल हुए थे। एएनआई के मुताबिक, राकेश अस्थाना रविवार रात मेदालाल के घर पहुंचे और उनका हाल जाना। अस्थान ने मेदालाल के हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

अब तक 23 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने इस सांप्रदायिक हिंसा मामले में 2 किशोरों सहित अब तक 23 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त (उत्तर पश्चिम) उषा रंगनानी ने कहा कि गिरफ्तार व्यक्तियों के कब्जे से तीन बंदूकें और पांच तलवारें भी बरामद की गई हैं।

आरोपियों की पहचान सलीम उर्फ चिकना (36), जाहिद (20), अंसार (35), शाहजाद (33), मुख्तार अली (28), मो. अली (18), आमिर (19), अक्सर (26), नूर आलम (28), मोहम्मद असलम (21), जाकिर (22), अकरम (22), इम्तियाज (29), मो. अली (27), अहीर (37), शेख सौरभ (42), सूरज (21), नीरज (19), सुकेन (45), सुरेश (43) और सुजीत सरकार (38), सभी जहांगीरपुरी के रहने वाले हैं। इनके अलावा दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है।

कैसे शुरू हुई हिंसा

पुलिस ने बताया कि शनिवार की शाम दो समुदायों के बीच हुई झड़पों के दौरान पथराव और आगजनी हुई थी जिसमें 8 पुलिसकर्मी और एक स्थानीय नागरिक घायल हो गया था। पुलिस ने बताया कि इस दौरान कुछ गाड़ियों को आग भी लगा दी गई थी। आरोपियों में से एक मोहम्मद असलम ने गोली चलाई थी। वही गोली दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर मेदालाल को लगी थी।

ये भी पढ़ें- क्या श्रीलंका जैसा हो रहा नेपाल का हाल? पेट्रोल की खपत घटाने को दो दिन की छुट्टी घोषित कर सकती है सरकार

पुलिस के मुताबिक, शनिवार को शोभा यात्रा शांति से चल रही थी। इसके बाद इलाके में स्थित जामा मस्जिद के पास पहुंची तो अंसार नाम का एक शख्स कुछ लड़कों के साथ वहां पहुंचा और शोभा यात्रा में शामिल लोगों से बहस करने लगा। यहीं से हुई बवाल की शुरुआत हुई और बाद में पथराव शुरू होने लगा।

पुलिस की अबतक की तफ्तीश के मुताबिक अंसार मुख्य आरोपी है। FIR में शोभा यात्रा पर पथराव के दौरान फायरिंग का भी जिक्र किया गया है। आरोपी ने अपराध में जिस पिस्तौल का इस्तेमाल किया था उसे बरामद कर ली गई है।

पुलिस को विभिन्न श्रोंतों से हिंसा से जुड़े अबतक करीब 100 वीडियो मिले हैं। मामले की जांच में जुटी पुलिस इन वीडियो के जरिए उपद्रवियों की पहचान करने की कोशिश भी कर रही है। फिलहाल, अंसार से पुलिस पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।