Maharashtra Political Crisis: शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे 40 विधायकों के साथ पहुंचे असम, बोले- बालासाहेब ठाकरे के हिंदुत्व को आगे बढ़ाएंगे

गुवाहाटी एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने दावा किया कि उनके पास 40 विधायकों का समर्थन है। उन्होंने कहा कि वे बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा को आगे बढ़ाएंगे।

अपडेटेड Jun 22, 2022 पर 10:32 AM
Story continues below Advertisement
सभी बागी विधायक गुवाहाटी के रैडिसन ब्लू होटल में ठहरे हुए हैं

Maharashtra Political Crisis Live News: शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) पार्टी के अन्य विधायकों के साथ बुधवार सुबह गुजरात के सूरत से भारतीय जनता पार्टी (BJP) शासित असम के गुवाहाटी पहुंच गए। सभी बागी विधायक गुवाहाटी के रैडिसन ब्लू होटल में ठहरे हुए हैं। गुवाहाटी में उनका स्वागत बीजेपी नेता सुशांत बोरगोहेन और पल्लब लोचन दास ने किया।

गुवाहाटी एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए शिंदे ने दावा किया कि उनके पास 40 विधायकों का समर्थन है। उन्होंने कहा कि वे बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा को आगे बढ़ाएंगे। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में शिंदे ने कहा, “40 विधायक यहां मौजूद हैं और हम सब बालासाहेब ठाकरे के हिंदुत्व और उनकी भूमिका को आगे ले जाना चाहते हैं। मैं वर्तमान में दूसरों या अन्य मुद्दों पर टिप्पणी नहीं करना चाहता।”

हालांकि गुवाहाटी के लिए रवाना होने से पहले सूरत एयरपोर्ट पर शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने कहा, "हमने बालासाहेब ठाकरे की शिवसेना को नहीं छोड़ा है और नहीं छोड़ेंगे। हम बालासाहेब के हिंदुत्व का अनुसरण कर रहे हैं और इसे आगे भी ले जाएंगे।"


असम के लिए रवाना होने से पहले, एकनाथ शिंदे और पार्टी के अन्य विधायक बीजेपी शासित राज्य गुजरात के सूरत होटल में डेरा डाले हुए थे। उन्हें गुवाहाटी में शिफ्ट करने का कदम मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ टेलीफोन पर बातचीत के तुरंत बाद आया।

क्रॉस-वोटिंग के बाद सामने आया बगावत

महाराष्ट्र में संकट सोमवार के विधान परिषद चुनावों में संदिग्ध क्रॉस-वोटिंग के बाद सामने आया, जिसमें बीजेपी ने 10 में से पांच सीटें जीतीं। बताया जाता है कि शिवसेना की बगावत ने बीजेपी को यह उपलब्धि हासिल करने में मदद की।

शिंदे मंगलवार को बीजेपी शासित राज्य गुजरात के सूरत में थे। सूरत से वह अन्य बागी विधायकों के साथ आज सुबह गुवाहाटी पहुंचे। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने कहा कि शिंदे अपनी पार्टी के 33 विधायकों और 7 निर्दलीय विधायकों के साथ असम पहुंचे हैं। शिंदे गुट को दलबदल विरोधी कानून के तहत अयोग्यता से बचने के लिए 37 शिवसेना सांसदों के समर्थन की जरूरत है।

क्या है सीटों का गणित?

महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (MVA) के सदस्यों की संख्या इस समय 169 है, जिसमें शिवसेना के 56, एनसीपी के 53 और कांग्रेस के 44 विधायक शामिल हैं। अगर शिवसेना के 35 विधायक अलग हो जाते हैं तो इस गठबंधन के सदस्यों की संख्या घटकर 134 रह जाएगी, जबकि 288 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 145 सदस्यों की जरूरत होगी। इस समय रिक्तियों आदि के कारण हालांकि बहुमत के लिए 143 सदस्यों का समर्थन ही आवश्यक होगा।

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य से भारतीय जनता पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने मंगलवार शाम को कहा कि उनकी पार्टी राज्य में सरकार बनाने की संभावना तलाश रही है> देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार में मंत्री रहे नेता ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर कहा, 'सत्ता के आसानी से हस्तांतरण हमारी प्राथमिकता है।'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।