महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में सत्तारूढ़ महा विकास आघाड़ी (MVA) को करारा झटका लगने के बाद महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार पर राजनीतिक संकट गहरा गया है। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री एकनाथ शिंदे और शिवसेना के कुछ अन्य विधायक गुजरात के सूरत शहर के एक होटल में डेरा डाले हुए हैं।
उद्धव सरकार में शहरी विकास मंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) समेत करीब 11 विधायक शिवसेना के संपर्क में नहीं हैं। बताया जा रहा है कि शिवसेना नेता शिंदे बागी विधायकों के साथ गुजरात के सूरत में स्थित एक होटल में रुके हुए हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि शिंदे के साथ शिवसेना के करीब 25 विधायक हैं।
सूत्रों ने बताया कि शिवसेना नेतृत्व से नाराज कुछ विधायक सोमवार की रात सूरत पहुंचे। ये विधायक सूरत के ली मेरिडियन होटल में ठहरे हैं। एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा कि महाराष्ट्र के मंत्री एकनाथ शिंदे सहित शिवसेना के कुछ विधायक सूरत में मौजूद हैं। होटल के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है।
महाराष्ट्र विधान परिषद की 10 सीटों के लिए सोमवार को हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उन सभी 5 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जिन पर उसने प्रत्याशी उतारे थे। शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को दो-दो सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस को एक ही सीट से संतोष करना पड़ा।
राज्यसभा के बाद MLC चुनाव में भी शिवसेना को झटका
राज्यसभा चुनाव के बाद, महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन महा विकास आघाड़ी (MVA) को बीजेपी की ओर से महाराष्ट्र में मिला यह दूसरा बड़ा झटका है। MVA में शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और कांग्रेस शामिल है। इससे पहले मुंबई में शिवसेना के एक नेता ने मंगलवार को कहा कि राज्य के मंत्री और शिवसेना के वरिष्ठ नेता एकनाथ शिंदे से संपर्क नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि शिंदे कुछ विधायकों के साथ गुजरात में हो सकते हैं।
हालांकि, नेता ने उन विधायकों की संख्या और उनके बारे में डिटेल्स का खुलासा नहीं किया जो शिंदे के साथ हो सकते हैं। नेता ने कहा कि वह (शिंदे) सोमवार को विधानसभा परिसर में शिवसेना कार्यालय में थे, जब मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे वहां मौजूद थे। लेकिन उसके बाद उनके बारे में किसी को पता नहीं है। वह मतगणना (विधान परिषद चुनावों के लिए) के दौरान मौजूद नहीं थे।
एकनाथ शिंदे का मुंबई के कुछ उपनगरों में काफी प्रभाव है। शिंदे शिवसेना के शीर्ष नेताओं में शुमार किए जाते हैं। वह फिलहाल उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र की महा विकास अघाड़ी (MVA) की सरकार में शहरी मामलों के मंत्री हैं। शिंदे मुंबई से सटे शिवसेना के गढ़ ठाणे के बड़े नेता के तौर पर जाने जाते हैं। इन इलाकों में उनका काफी दबदबा है। इसके अलावा उन्हें कई अन्य क्षेत्रों में भी शिवसेना को मजबूत बनाने का श्रेय दिया जाता है।
शिवसेना विधायक एकनाथ शिंदे हाल ही में महाराष्ट्र के मंत्री और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे के साथ अयोध्या दौरे पर गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एकनाथ शिंदे आज दोपहर दो बजे एक प्रेस कॉन्फेंस कर बीजेपी के साथ जाने का ऐलान कर सकते हैं। शिंदे कथित तौर पर पिछले कुछ समय से जानबूझकर दरकिनार किए जाने के बाद शिवसेना से नाराज हैं। उनके सभी पार्टियों से अच्छे संबंध हैं।
महाराष्ट्र बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल ने कहा कि संजय राउत के भड़काऊ भाषणों से ही उनकी पार्टी में समस्या हुई है। लोग इसको बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसका उदाहरण एकनाथ शिंदे की बगावत है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक घटनाक्रम पर हम बारीकी से ध्यान बनाए हुए हैं। इससे कुछ परिवर्तन होगा ये कहना थोड़ा असामयिक होगा।
इस पूरे घटनाक्रम पर शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि मैंने सुना है कि हमारे विधायक गुजरात राज्य के सूरत में हैं और उन्हें जाने नहीं दिया जा रहा है। लेकिन वे निश्चित रूप से लौटेंगे क्योंकि ये सभी शिवसेना को समर्पित हैं। मुझे विश्वास है कि हमारे सभी विधायक लौट आएंगे और सब ठीक हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिवसेना के कुछ विधायक और एकनाथ शिंदे से फिलहाल संपर्क नहीं हो पा रहा है। महा विकास अघाड़ी की सरकार को गिराने की कोशिश की जा रही है लेकिन BJP को यह याद रखना होगा कि महाराष्ट्र राजस्थान या मध्य प्रदेश से बहुत अलग है।