जब नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला से पूछा गया कि क्या वह महाकुंभ के लिए प्रयागराज जाएंगे, तो उन्होंने कहा, मैं हर दिन अपने घर में ही स्नान करता हूं। अब्दुल्ला ने मीडियाकर्मियों के सवाल का जवाब देते हुए कहा, "मैं तो अपने घर में ही नहाता हूं।" इसके बाद उन्होंने कहा, ''मेरा खुदा न तो मस्जिद में है, न मंदिर में और न ही गुरुद्वारे में। मेरा खुदा मेरे अंदर है।"
हल्के-फुल्के मूड में दिख रहे NC अध्यक्ष ने दिल्ली चुनाव नतीजों की भविष्यवाणी करने के लिए "ज्योतिषी" बनने की भी बात कही। जब उनसे पूछा गया कि दिल्ली चुनाव में किसकी जीतो होगी, तो उन्होंने कहा, “मुझे ज्योतिषी बनना होगा, ताकि मैं आपको बता सकूं कि दिल्ली चुनाव में क्या होगा। मुझे कैसे पता चलेगा कि कौन आएगा और कौन जाएगा?"
तनावपूर्ण राजनीतिक लड़ाई के बीच, नेता अक्सर हंसी मजाक भी करते रहते हैं। इन प्रसंगों में अभिनेता-BJP सांसद रवि किशन का प्रसिद्ध भाषण भी शामिल है, जिसने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को भी ठहाके लगा कर हंसने को मजबूर कर दिया था।
2022 में सीएम योगी गोरखपुर में राप्ती नदी तट पर दो घाटों का उद्घाटन करने गए थे। उद्घाटन के दौरान जब गोरखपुर के सांसद से बोलने के लिए कहा गया तो उन्होंने कहा, "अत्याधुनिक विद्युत शवदाह गृह की स्थापना से आपके अपने लोगों का अंतिम संस्कार करने में ज्यादा समय नहीं लगेगा। यहां अंतिम संस्कार करने वाले सीधे स्वर्ग जाएंगे। यहां अंतिम संस्कार करने में कितनी खुशी होगी।”
इसी तरह 2023 में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने संसद में एक ऐसी कविता सुनाई कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी उसे सुन कर हंस पड़े। उन्होंने जो कविता सुनाई, वो कुछ इस तरह थी-
"अमित भाई का इतना अच्छा आ गया है बिल,
सामने वालों को हो रहा है फील,
नरेंद्र मोदी के पास है इतनी अच्छी विल,
दिल्ली में हो रहा है शराब की डील
नरेंद्र मोदी और अमित शाह की बहुत अच्छी बन गई जोड़ी
फिर कांग्रेस और AAP वालों की कैसे आएगी गाड़ी
नरेंद्र मोदी जानते हैं जनता की नाड़ी
इसलिए तो मैंने बधाई दाड़ी"
आठवले आम आदमी पार्टी की शराब नीति पर कटाक्ष कर रहे थे, जिसकी अब जांच चल रही है। उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला बोला और दिल्ली सेवा विधेयक के लिए बीजेपी की सराहना की और उनकी कोशिशों के लिए पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की सराहना की।