Ghulam Nabi Azad Resigns: कांग्रेस को बड़ा झटका, दिग्गज नेता गुलाम नबी आजाद ने पार्टी से दिया इस्तीफा

गुलाम नबी आजाद कांग्रेस के 'G-23' समूह के प्रमुख सदस्य हैं। यह समूह पार्टी नेतृत्व का आलोचक रहा है और एक संगठनात्मक बदलाव की मांग करते आया है

अपडेटेड Aug 26, 2022 पर 12:02 PM
गुलाम नबी आजाद ने अपना इस्तीफा पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेज दिया है

Ghulam Nabi Azad Resigns: कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। दिग्गज नेता गुलाम नबी आजाद (Ghulam Nabi Azad) ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेज दिया है।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, गुलाम नबी आजाद ने शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता समेत सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। आजाद काफी दिनों से कांग्रेस नेतृत्व से नाराज चल रहे थे। खबर है कुछ और नेता पार्टी से इस्तीफा दे सकते हैं।

गुलाम नबी आजाद ने सोनिया गांधी को 5 पेज का इस्तीफा भेजा है। इसमें उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनकी ओर से पार्टी नेता राहुल गांधी के लिए कहा गया है कि वो अनुभवहीन लोगों से घिरे हुए हैं।


ये भी पढ़ें- UP Tourism: पर्यटन स्थलों को ग्लोबल बनाने के लिए मिशन मोड में जुटी योगी सरकार, वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में बढ़ावा देने की योजना

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे इस्तीफे में गुलाम नबी आजाद ने लिखा है कि बड़े अफसोस और बेहद भावुक दिल के साथ मैंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से अपना आधा सदी पुराना नाता तोड़ने का फैसला किया है।

आजाद कांग्रेस के नाराज नेताओं के G-23 गुट में भी शामिल थे। जी-23 गुट कांग्रेस में लगातार कई बदलाव की मांग करता रहा है। इससे पहले हाल ही में दिग्गज नेता कपिल सिब्बल ने भी कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था।

गुलाम नबी आजाद की नाराजगी हाल ही में तब सामने आई थी, जब उन्होंने अभियान समिति का अध्यक्ष बनाए जाने के कुछ घंटों बाद ही पद से इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद को केंद्र शासित प्रदेश में पार्टी की प्रचार समिति का प्रमुख नियुक्त किया था, लेकिन आजाद ने प्रस्ताव को ठुकरा दिया।

आजाद कांग्रेस के 'जी 23' समूह के प्रमुख सदस्य हैं। यह समूह पार्टी नेतृत्व का आलोचक रहा है और एक संगठनात्मक बदलाव की मांग करते आया है। आजाद को राज्यसभा से रिटायर होने के बाद दोबारा उच्च सदन में नहीं भेजा गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।