इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कर्नाटक में सत्ताधारी कांग्रेस (Congress) को बड़ा झटका लगा है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार (Jagadish Shettar) गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में वापस लौट आए। पिछले विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर नाराज होने के बाद वह कांग्रेस में शामिल हो गए थे। राजधानी दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और राजीव चंद्रशेखर, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी संसदीय बोर्ड के सदस्य बीएस येदियुरप्पा, मुख्य प्रवक्ता एवं मीडिया विभाग के प्रभारी अनिल बलूनी और पार्टी की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र की मौजूदगी में उनकी घर वापसी हुई।
