राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ (Jagdeep Dhankhar) ने सोमवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और अन्य BJP नेता मौजूद थे।
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ को आगामी 6 अगस्त को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव में NDA का उम्मीदवार घोषित किया गया है। जाट समुदाय से ताल्लुक रखने वाले धनखड़ समाजवादी पृष्ठभूमि के रहे हैं और वह पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह की सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं।
राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हुई भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सर्वोच्च नीति निर्धारक ईकाई संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने धनखड़ को उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा की थी।
पिछड़ों को साधने की कोशिश?
राजस्थान में जाट समुदाय पिछड़ों की श्रेणी में आता हैं। उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में धनखड़ का चयन कर बीजेपी ने इस समुदाय के लोगों को एक संदेश भी देने की कोशिश की है। जाट समुदाय से ताल्लुक रखने वाले और शीर्ष पदों पर काम कर चुके प्रमुख जाट नेताओं में चौधरी चरण सिंह और देवीलाल शुमार हैं। चरण सिंह जहां देश के प्रधानमंत्री रहे हैं वहीं देवी लाल उपप्रधानमंत्री रह चुके हैं।
हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उनकी एक बड़ी तादाद है। माना जाता है कि पिछले कुछ चुनावों में पार्टी को जाट समुदाय का समर्थन भी मिला है। नड्डा ने कहा कि लगभग तीन दशकों तक सार्वजनिक जीवन में काम करने वाले धनखड़ का लालन-पालन राजस्थन के झुंझुनू स्थित एक गांव में हुआ और फिर उन्होंने एक प्रसिद्ध वकील के रूप में अपनी पहचान बनाई।
धनखड़ राजस्थन के झुंझुनू में जनता दल के टिकट पर 1989 का लोकसभा चुनाव जीते थे। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान 6 अगस्त को निर्धारित है। मौजूदा उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। NDA ने 2017 में उपराष्ट्रपति पद के लिए तत्कालीन केंद्रीय मंत्री नायडू को अपना उम्मीदवार बनाया था।