'उपराष्ट्रपति को चोट पहुंचाने का इरादा नहीं था' जगदीप धनखड़ की नकल उतारने वाले TMC सांसद की आई सफाई

Jagdeep Dhankhar Mimicry: TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा, “मेरा इरादा धनखड़ जी को चोट पहुंचाने का नहीं था। मुझे नहीं पता कि उन्होंने इसे अपने ऊपर क्यों लिया।" पीएम मोदी ने बुधवार को मिमिक्री विवाद पर जगदीप धनखड़ को फोन किया और कहा कि वह पिछले 20 सालों से इस तरह के अपमान का निशाना बन रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इसका आलोचना की है

अपडेटेड Dec 20, 2023 पर 12:37 PM
जगदीप धनखड़ की नकल उतारने वाले TMC सांसद कल्याण बनर्जी की आई सफाई

Jagdeep Dhankhar Mimicry: राज्यसभा (Rajya Sabha) के सभापति जगदीप धनखड़ (Jagdeep Dhankar) की नकल करने को लेकर विवादों में घिरे तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद कल्याण बनर्जी (Kalyan Banerjee) ने अब सफाई जारी की है। सांसद ने बुधवार को कहा कि उनका उपराष्ट्रपति को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। बनर्जी ने कहा, मिमिक्री एक आर्ट है और उपराष्ट्रपति के लिए उनके मन में बहुत सम्मान है। TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा, “मेरा इरादा धनखड़ जी को चोट पहुंचाने का नहीं था। मुझे नहीं पता कि उन्होंने इसे अपने ऊपर क्यों लिया।"

पीएम मोदी ने बुधवार को मिमिक्री विवाद पर जगदीप धनखड़ को फोन किया और कहा कि वह पिछले 20 सालों से इस तरह के अपमान का निशाना बन रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इसकी आलोचना की है।

बनर्जी ने अपनी सफाई में कहा, "मैंने राज्यसभा या लोकसभा में कुछ नहीं कहा। ये एक नकली संसद थी। अगर उन्होंने (जगदीप धनखड़) इसे अपने ऊपर ले लिया है, तो मैं वास्तव में असहाय हूं। लेकिन मेरा सवाल ये है कि क्या वह राज्यसभा में इस तरह का व्यवहार करते हैं? मेरा कभी भी किसी को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। वह मेरे प्रोफेशन में मेरे सीनियर हैं और अपने पेशे में हम कभी किसी को ठेस नहीं पहुंचाते। मेरा ऐसा करने का इरादा नहीं था।"


PM मोदी ने उपराष्ट्रपति से की बात, मिमिक्री पर बोले- '20 साल से मैं भी अपमान सहता रहा हूं'

सांसद ने आगे कहा, "मैं धनखड़ जी का बहुत सम्मान करता हूं। पहला, वह मेरे पेशे से हैं, दूसरा, वह हमारे पूर्व राज्यपाल (पश्चिम बंगाल) हैं, और तीसरा, वह उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के अध्यक्ष हैं। मिमिक्री एक आर्ट फॉर्म है। पीएम मोदी ने लोकसभा में ही मिमिक्री भी की थी। मैं आपको वीडियो दिखा सकता हूं। पिछले कार्यकाल में उन्होंने ऐसा किया था। सभी ने इसे हल्के में लिया था।"

दरअसल एक वीडियो क्लिप में, दूसरे विपक्षी नेताओं से घिरे कल्याण बनर्जी को राज्यसभा सभापति की नकल करते हुए देखा जा सकता है। ये सभी विपक्षी सांसदों के संसद से निलंबन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।

वीडियो में बनर्जी को ये कहते हुए सुना जा सकता है, "मेरी रीढ़ बहुत सीधी है, मैं बहुत लंबा हूं।" साथ ही इस पूरी घटना के दौरान राहुल गांधी को TMC सांसद का वीडियो रिकॉर्ड करते हुए भी दिखाया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।