Credit Cards

Karnataka Elections 2023: कर्नाटक चुनाव की तारीखों का ऐलान, 10 मई को मतदान, 13 को आएगा नतीजा; पढ़ें पूरी डिटेल

Karnataka Election 2023: 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 78 सीटें जीतीं, जबकि JDS 37 सीटें हासिल करने में सफल रही। वहीं, BJP 224 सदस्यीय विधानसभा में 105 सीटों पर जीत हासिल की थी। बाद में JDS और कांग्रेस गठबंधन के बागी विधायकों के 2019 में बीजेपी में शामिल होने के कारण इसकी सीटों की संख्या बढ़कर 123 हो गई

अपडेटेड Mar 29, 2023 पर 12:14 PM
Story continues below Advertisement
Karnataka Election 2023: 24 मई को कर्नाटक विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है

Karnataka Election 2023: चुनाव आयोग (ECI) ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा सुबह 11:30 बजे की गई। कर्नाटक में 10 मई को एक चरण में मतदान होगा। जबकि, 13 मई को रिजल्ट की घोषणा की जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि कर्नाटक विधानसभा के लिए मतदान 10 मई को होंगे और मतदान की गणना 13 मई को होगी। कर्नाटक में 58,282 मतदान केंद्र हैं जिसमें से 20,866 शहरी केंद्र  हैं। इनमें से 50% मतदान केंद्र यानी 29,140 पर वेबकास्टिंग की जाएगी।

चुनाव आयुक्त ने बताया कि करीब 1,320 मतदान केंद्रों पर केवल महिला कर्मचारी मौजूद रहेंगी। इससे हम महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा दे रहे हैं। हम 240 मतदान केंद्रों को मॉडल पॉलिंग स्टेशन बनाएंगे। युवाओं को मतदान केंद्रों पर लाने के लिए 224 मतदान केंद्र सिर्फ युवाओं द्वारा संचालित किया जाएगा।

आचार संहिता लागू


224 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा का कार्यकाल मई में समाप्त हो रहा है। कार्यक्रम की घोषणा के तुरंत बाद आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने रविवार को कहा कि कर्नाटक के लिए चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी।

कांग्रेस-JDS ने जारी की पहली लिस्ट

इस बीच, विपक्षी कांग्रेस और जद (एस) ने पहले ही अपने उम्मीदवारों की पहली सूची की घोषणा कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा कि पार्टी की 100 उम्मीदवारों की दूसरी सूची गुरुवार (30 मार्च) के बाद जारी की जाएगी। कांग्रेस ने पिछले हफ्ते जारी अपनी पहली सूची में 124 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी।

2018 के चुनाव परिणाम

पिछली बार जब मई 2018 में विधानसभा चुनाव हुए थे, तब जनता दल सेकुलर (JDS) और कांग्रेस ने मिलकर सरकार बनाई थी। इसमें एचडी कुमारस्वामी मुख्यमंत्री बने थे। हालांकि, 14 महीने बाद जुलाई 2019 में कांग्रेस और JDS के कई मंत्रियों के इस्तीफे के बाद सरकार गिर गई।

ये भी पढ़ें- Amritpal: पंजाब के होशियारपुर में पुलिस को चकमा दे भागा अमृतपाल सिंह! कार छोड़ हुआ फरार, व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू

फिर बीएस येदुयरप्पा की अगुवाई में बीजेपी ने कर्नाटक में सरकार गठित की थी। हालांकि, बीएस येदुयरप्पा भी दो साल ही मुख्यमंत्री बने रह पाए। बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा और बासवराज बोम्मई नए मुख्यमंत्री बनाए गए।

किस पार्टी को कितनी सीटें मिलीं?

2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 78 सीटें जीतीं, जबकि JDS 37 सीटें हासिल करने में सफल रही। वहीं, बीजेपी 224 सदस्यीय विधानसभा में 105 सीटों पर जीत हासिल की थी। बाद में JDS और कांग्रेस गठबंधन के बागी विधायकों के 2019 में बीजेपी में शामिल होने के कारण इसकी सीटों की संख्या बढ़कर 123 हो गई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।