Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव के लिए तमिलनाडु (Tamil Nadu) में राजनीतिक दलों के जोरदार प्रचार के बीच, तिरुचिरापल्ली लोकसभा क्षेत्र में एक निर्दलीय उम्मीदवार अपने मतदाताओं के बीच बाजार में सब्जियां बेचने और माला बनाने के दौरान अपने अनोखे प्रचार के लिए सुर्खियां बटोर रहा है। एस दामोदरन (S Damodaran) तिरुचिरापल्ली के रहने वाले हैं और पद्मश्री पुरस्कार विजेता हैं। गैस स्टोव चुनाव चिह्न के साथ चुनाव लड़ रहे 62 साल के नेता ने इलाके के गांधी मार्केट से अपना चुनाव अभियान शुरू किया।
बाजार में दुकानदारी कर मांग रहे वोट
बाजार में, वो एक दुकान से दूसरी दुकान पर जाते थे और दुकानदारों को उनका सामान बेचने में मदद करते थे। ऐसा करते हुए उन्होंने ग्राहकों से बातचीत भी की और उनसे वोट भी मांगे।
अपनी यात्रा के बारे में बात करते हुए, राजनेता ने कहा, “मैं त्रिची लोकसभा सीट से एक निर्दलीय उम्मीदवार हूं। मैं धरती का बेटा हूं। मैं त्रिची का रहने वाला हूं। मैं 40 सालों से ज्यादा समय से स्वच्छता केंद्र में सहयोगी सेवा स्वयंसेवक के रूप में काम कर रहा हूं। मैंने अपना करियर 21 साल की उम्र में शुरू किया था। अब मैं 62 साल का हूं। 60 साल की उम्र में, मुझे स्वच्छता क्षेत्र में मेरे काम के लिए भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद से पद्म श्री पुरस्कार मिला। मैं ग्रामीण और शहरी इलाकों में पानी और सैनिटेशन फैसिलिटी मुहैया कराने में शामिल था।"
21 साल की उम्र से कर रहे समाज सेवा
दामोदरन ने कहा कि अपनी 40 साल की समाज सेवा के दौरान उन्होंने नौ प्रधानमंत्रियों के नेतृत्व में काम किया है।
उन्होंने कहा, “मैंने अपनी समाज सेवा 21 साल की उम्र में शुरू की थी, जब राजीव गांधी भारत के प्रधान मंत्री थे। मैंने अपने जीवनकाल में नौ प्रधानमंत्रियों को देखा है। मैंने सभी केंद्र प्रायोजित ग्रामीण स्वच्छता कार्यक्रमों के तहत काम किया और हर गांव को एक रोल मॉडल गांव बनाया।”
अपने अनूठे अभियान के बारे में बोलते हुए, दामोदरन ने कहा, वह जहां भी जाते हैं, लोगों उनका अद्भुत स्वागत कर रहे हैं।
सत्ता में आने पर करेंगे ये काम
सत्ता में आने पर वह तिरुचिरापल्ली में किन अहम प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाना चाहते हैं, इस पर उन्होंने कहा, “हमें त्रिची को एक साफ और ग्रीन शहर बनाने के लिए काम करने की जरूरत है। लोग शहर के लिए रिंग रोड की मांग कर रहे हैं, क्योंकि यह केंद्र में स्थित है और कई बसें और गाड़ियां त्रिची से गुजरते हैं... हम त्रिची शहर के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में फ्लाईओवर पर भी काम कर रहे हैं।
केंद्र सरकार ने सामाजिक कार्यों के क्षेत्र में उनकी विशिष्ट सेवा के लिए एस दामोदरन को पद्म श्री से सम्मानित किया। पद्म पुरस्कारों में ये चौथा सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार है।
यह पुरस्कार "एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में उनकी सेवा को मान्यता देने के लिए था, जिन्होंने अपना जीवन दक्षिण भारत के गांवों और मलिन बस्तियों में साफ-सफाई को बढ़ावा देने के लिए समर्पित कर दिया है।"