Lok Sabha Elections 2024: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने गुरुवार को बुलंदशहर से लोकसभा चुनाव 2024 के लिए चुनाव प्रचार का शंखनाद कर दिया। इस दौरान पीएम मोदी ने पश्चिमी यूपी को विकास के लिए 19,000 करोड़ रुपए से ज्यादा के प्रोजेक्ट का लोकार्पण किया। वहीं, यूपी सीएम योगी ने 'फिर एक बार मोदी सरकार' का नारा देते हुए इन विकास कार्यों के लिए केंद्र को धन्यवाद कहा। मेगा इवेंट को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने आगामी आम चुनाव में पीएम मोदी के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार के तीसरी बार जीतने का विश्वास जताया।
सीएम योगी ने पीएम मोदी की मौजूदगी में कहा कि आपके नेतृत्व में तीसरी बार फिर से देश के अंदर 2014, 2019 से भी बड़े बहुमत के साथ सरकार बनेगी। इस अवसर पर सीएम योगी ने प्रधानमंत्री मोदी को भगवान श्रीराम की प्रतिमा देकर सम्मानित किया। सीएम योगी ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि पीएम मोदी के हाथों 500 वर्षों के इंतजार को समाप्त करके अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के भव्य मंदिर का उद्घाटन और श्रीराम लला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत पहला दौरा भी उत्तर प्रदेश की धरती बलुंदशहर में हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन दिन पहले 22 जनवरी को अयोध्या का अद्भुत, अलौकिक, अविस्मरणीय कार्यक्रम भारतवासियों और पूरी दुनिया ने देखा है। इस अद्भुत और अविस्मरणीय कार्यक्रम के बाद आज बुलंदशहर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज पौष पूर्णिमा भी है और इस अवसर पर प्रधानमंत्री जी के हाथों 21,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं का गिफ्ट भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश को प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने कहा कि क्या पहले कोई सोचता था कि उत्तर प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज होगा। पहले तो मीटर गेज को ब्रॉड गेज करने में ही दिक्कत होती थी, पैसा ही नहीं मिलता था। आज चौथी रेलवे लाइन का भी लोकार्पण प्रधानमंत्री करने जा रहे हैं। सीएम ने कहा कि फ्रेट कॉरिडोर के एक सेक्शन का उद्घाटन भी होने जा रहा है। इसके अलावा और भी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हो रहा है।
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पिछले तीन दिनों में दो महत्वपूर्ण निर्णय लिए। एक निर्णय था, एक करोड़ घरों तक रूफटॉप सोलर के लिए एक नई योजना का शुभारंभ...। योजना का शुभारंभ उसी दिन हुआ, जिस दिन अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा का ऐतिहासिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि दूसरा, सामाजिक न्याय के पुरोधा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न देकर के सामाजिक न्याय की इस लड़ाई में वंचितों, दबे-कुचले और पिछड़े वर्ग को सम्मान देकर उनके माध्यम से नेतृत्व की एक नई श्रंखला को खड़ा करना।