Maharashtra CM Oath: एकनाथ शिंदे ने मुख्यमंत्री और देवेंद्र फडणवीस ने डिप्टी सीएम पद की ली शपथ, PM मोदी ने दी बधाई

Maharashtra CM Oath: गुरुवार शाम को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने दोनों नेताओं को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई है

अपडेटेड Jun 30, 2022 पर 8:15 PM
एकनाथ शिंदे ने मुख्यमंत्री और देवेंद्र फडणवीस ने डिप्टी सीएम पद की ली शपथ

लंबे सियासी खींचतान के बाद एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री (Maharashtra New CM) के रूप में शपथ ली। उनके साथ ही बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने भी डिप्टी सीएम (Deputy CM) के रूप में शपथ ली। गुरुवार शाम को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने दोनों नेताओं को पद और गोपनीयता की शपथ की शपथ दिलाई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया, "मैं एकनाथ शिंदे जी को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई देना चाहता हूं। एक जमीनी स्तर के नेता, वह अपने साथ समृद्ध राजनीतिक, विधायी और प्रशासनिक अनुभव लेकर आते हैं। मुझे विश्वास है कि वह महाराष्ट्र को और ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में काम करेंगे।"

दूसरे ट्वीट में मोदी ने लिखा, "देवेंद्र फडणवीस जी को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेने पर बधाई। वह हर BJP कार्यकर्ता के लिए एक प्रेरणा हैं। उनका अनुभव और विशेषज्ञता सरकार के लिए एक संपत्ति होगी। मुझे विश्वास है कि वह महाराष्ट्र के विकास पथ को और मजबूत करेंगे।"


दरअसल महाराष्ट्र (Maharashtra) में एक हफ्ते तक चले राजनीतिक खींचतान (Political Crisis) में गुरुवार को एक चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए घोषित किया। हालांकि, पहले ऐसी अलकलें लगाई जा रही थीं कि फडणवीस ही नई सरकार में अगले मुख्यमंत्री होंगे और शिंदे उनके डिप्टी।

हालांकि, एकनाथ शिंदे के नाम की घोषणा करते वक्त देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि वह इस सरकार से बाहर रहेंगे। उन्होंने कहा, "मैं इस सरकार से बाहर रहूंगा, लेकिन अपना मेरा पूरा समर्थन इनके साथ होगा।"

जब कहानी में आया ट्विस्ट

इसके कुछ देर बाद ही कहानी में एक और ट्विस्ट आया और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि फडणवीस को भाजपा नेतृत्व ने डिप्टी सीएम बनाने का निर्देश दिया है।

नड्डा ने ट्वीट किया, "BJP ने महाराष्ट्र की जनता की भलाई के लिए बड़े मन का परिचय देते हुए एकनाथ शिंदे का समर्थन करने का निर्णय किया। देवेन्द्र फडणवीस ने भी बड़ा मन दिखाते हुए मंत्रिमंडल में शामिल होने का निर्णय किया है, जो महाराष्ट्र की जनता के प्रति उनके लगाव को दिखाता है।"

इससे पहले आज, मीडिया को संबोधित करते हुए, फडणवीस ने कहा, "एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री होंगे। बीजेपी समर्थन करेगी। हम जल्द ही कैबिनेट विस्तार करेंगे। आज शाम 7.30 बजे एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के सीएम पद की शपथ लेंगे। उन्होंने कहा कि शिवसेना (विद्रोही), साथ ही बीजेपी विधायक और कुछ निर्दलीय विधायक भी विस्तार के दौरान मंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

Who is Eknath Shinde: एक ऑटो ड्राइवर, जिसने उद्धव ठाकरे की तीन-पहिया सरकार को कर दिया पंक्चर

इस ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में ठाणे शहर के कोपरी-पंचपखाड़ी से विधायक शिंदे भी मौजूद थे। राजभवन में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलने और सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद दोनों नेताओं ने मीडिया को संबोधित किया।

शिंदे ने मीडिया को संबोधित करते हुए फडणवीस के "बड़े दिल" की सराहना की और सीएम पद के लिए उनका नाम घोषित करने के लिए उनके प्रति आभार जताया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।