महाराष्ट्र: शिवसेना के विज्ञापन में एकनाथ शिंदे को बताया देवेंद्र फडणवीस से ज्यादा लोकप्रिय, BJP हुई खफा

विज्ञापन में ऊपर शिवसेना का चुनाव चिह्न ‘तीर-कमान’ है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिंदे की तस्वीर हैं। गौर करने वाली बात यह है कि इस विज्ञापन में शिवसेना संस्थापक दिवंगत बालासाहेब ठाकरे की कोई तस्वीर नहीं है, जबकि पहले शिवसेना के हर इश्तहार में ठाकरे का चित्र प्रमुखता से होता था। हालांकि, इस पर प्रतिक्रिया देते हुए BJP की राज्य इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि 2024 के चुनाव बताएंगे कि कौन ज्यादा लोकप्रिय है।

अपडेटेड Jun 13, 2023 पर 7:59 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
महाराष्ट्र: शिवसेना के विज्ञापन में एकनाथ शिंदे को बताया देवेंद्र फडणवीस से ज्यादा लोकप्रिय

महाराष्ट्र (Maharashtra) के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) के नेतृत्व वाली शिवसेना (Shiv Sena) ने मंगलवार को अलग-अलग अखबारों में पूरे पेज का विज्ञापन जारी किया, जिसका टाइटल था, ‘राष्ट्र में मोदी, महाराष्ट्र में शिंदे सरकार।’ एक सर्वे का हवाला देते हुए यह इश्तहार छापा गया है, जिसमें शिंदे को मुख्यमंत्री पद के लिए BJP नेता देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) की तुलना में ज्यादा लोगों की पसंद वाला नेता दिखाया गया है।

विज्ञापन में ऊपर शिवसेना का चुनाव चिह्न ‘तीर-कमान’ है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिंदे की तस्वीर हैं। गौर करने वाली बात यह है कि इस विज्ञापन में शिवसेना संस्थापक दिवंगत बालासाहेब ठाकरे की कोई तस्वीर नहीं है, जबकि पहले शिवसेना के हर इश्तहार में ठाकरे का चित्र प्रमुखता से होता था।

विज्ञापन में कहा गया है, "मुख्यमंत्री पद के लिए हुए एक सर्वे के अनुसार महाराष्ट्र के 26.1 प्रतिशत लोग एकनाथ शिंदे को और 23.2 प्रतिशत लोग देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री पद पर देखना चाहते हैं।"


इसमें लिखा है, "यानी कि महाराष्ट्र के 49.3 प्रतिशत लोग फिर से इस जोड़ी को पसंद करने पर अपनी मुहर लगाते हैं।" विज्ञापन में दिए गए आंकड़े और दावे ‘जी टीवी-मेट्राइज’ सर्वे के हवाले से दिए गए हैं।

अमित शाह ने वंशवाद की राजनीति के जरिए कांग्रेस और DMK पर साधा निशाना, दोनों दलों को बताया 2G, 3G, 4G पार्टियां

इसमें लिखा है, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की जोड़ी के महाराष्ट्र में किए गए जनकल्याण के प्रकल्पों ने उन्हें वर्तमान में एक सर्वे में सर्वोच्च स्थान दिलाया है।"

विज्ञापन के मुताबिक, "मतदान के सर्वे के अनुसार भारतीय जनता पार्टी को 30.2 प्रतिशत लोग और शिवसेना (एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में) को 16.2 प्रतिशत लोग पसंद करते हैं। यानी कि महाराष्ट्र के 46.4 प्रतिशत लोग BJP और शिवसेना की जोड़ी को ही फिर से सत्ता में चाहते हैं।"

विज्ञापन पर प्रतिक्रिया देते हुए उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने कहा, "पहले यह बालासाहेब की शिवसेना होती थी, लेकिन विज्ञापन ने स्थिति साफ कर दी है। अब यह मोदी-शाह की शिवसेना बन गयी है। विज्ञापन में बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर कहां है?"

विज्ञापन से BJP हुई नाराज

प्रदेश BJP अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने विज्ञापन को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए कहा, "हमेशा चुनाव परिणाम तय करते हैं कि मतदाताओं को कौन सी पार्टी या नेता पसंद है। पहले शिंदे कैबिनेट मंत्री के रूप में लोकप्रिय थे और अब मुख्यमंत्री के रूप में उनकी स्वीकार्यता बढ़ी है। राज्य की जनता को फडणवीस, शिंदे और मोदी से बहुत अपेक्षाएं हैं।"

हालांकि, इस पर प्रतिक्रिया देते हुए BJP की राज्य इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि 2024 के चुनाव बताएंगे कि कौन ज्यादा लोकप्रिय है।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने राज्य स्तरीय नेता के तौर पर दो बार फडणवीस को तरजीह दी है। उन्होंने कहा, "शिवसेना और BJP में ऐसी कोई तुलना नहीं है कि कौन बड़ी पार्टी है और कौन छोटी।"

कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे ने इसे ‘झूठा’ सर्वे करार दिया और कहा कि शिंदे ने अपने प्रचार के लिए इसका इस्तेमाल किया है।

उन्होंने कहा, "चुनाव हो जाएं तो महा विकास आघाड़ी निश्चित रूप से महाराष्ट्र में 42 से अधिक लोकसभा सीटें और 200 से अधिक विधानसभा सीटें जीतेगी। उनके (शिंदे के) बारे में एक नई कहानी लिखी जाएगी कि एक समय कोई शिंदे होते थे....।"

शिंदे नीत शिवसेना के मुख्य सचेतक भरत गोगावाले ने कहा, "हम अपने पक्ष में सर्वे कराने के लिए किसी के साथ समझौता नहीं करते। वह (शिंदे) जनता की पहुंच में हैं और राज्य के सभी क्षेत्रों का दौरा करते हैं। हमने किसी मीडिया संस्थान को हमारे लिए सर्वे करने को नहीं कहा।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।