अमित शाह ने वंशवाद की राजनीति के जरिए कांग्रेस और DMK पर साधा निशाना, दोनों दलों को बताया 2G, 3G, 4G पार्टियां

तमिलनाडु (Tamil Nadu) के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन (MK Stalin) की तरफ से पिछले नौ सालों में तमिलनाडु के लिए केंद्र की विशेष योजनाओं के बारे में बताने की मांग पर अमित शाह (Amit Shah) ने एविएशन, रेलवे और सड़कों सहित राज्य के लिए नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार की अलग-अलग पहल के बारे में विस्तार से बताया

अपडेटेड Jun 11, 2023 पर 11:14 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
वेल्लोर में एक जनसभा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (PHOTO-PTI)

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने वंशवाद की राजनीति और कथित भ्रष्टाचार को लेकर रविवार को कांग्रेस (Congress) और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) को ‘2G, 3G, 4G’’ पार्टियां बताया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु (Tamil Nadu) में इन्हें उखाड़ फेंकने और ‘धरती पुत्र’ को सत्ता देने का समय आ गया है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन (MK Stalin) की तरफ से पिछले नौ सालों में तमिलनाडु के लिए केंद्र की विशेष योजनाओं के बारे में बताने की मांग पर शाह ने एविएशन, रेलवे और सड़कों सहित राज्य के लिए नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार की अलग-अलग पहल के बारे में विस्तार से बताया।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार की नौ साल की उपलब्धियों को रेखांकित करने के लिए आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने का विरोध करने के लिए दोनों दलों पर निशाना साधा और भारत के साथ कश्मीर को एकीकृत करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की सराहना की।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, "कांग्रेस और DMK 2G, 3G, 4G पार्टियां हैं। मैं 2G (स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले) की बात नहीं कर रहा हूं। 2G का मतलब दो पीढ़ी, 3G का मतलब तीन पीढ़ी और 4G का मतलब चार पीढ़ी है।"


शाह ने दोनों दलों पर निशाना साधते हुए कहा, "मारन परिवार (DMK का) दो पीढ़ियों से भ्रष्टाचार कर रहा है। करुणानिधि परिवार तीन पीढ़ियों से भ्रष्टाचार कर रहा है। गांधी परिवार 4G है। राहुल गांधी चौथी पीढ़ी हैं और चार पीढ़ियों से वे सत्ता का आनंद ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि समय आ गया है कि '2G, 3G, 4G को बाहर कर दिया जाए और तमिलनाडु की सत्ता धरती पुत्र को दी जाए।’

शाह ने उपस्थित लोगों से पूछा कि अनुच्छेद 370 को हटाया जाना चाहिए था या नहीं, और "कश्मीर हमारा है या नहीं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस और DMK, दोनों ने जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद को रद्द करने का विरोध किया था।"

'कांग्रेस और DMK अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के खिलाफ थे'

शाह ने कहा, "ये दोनों दल कांग्रेस और DMK अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के खिलाफ थे। पांच अगस्त, 2019 को प्रधानमंत्री मोदी ने अनुच्छेद 370 को खत्म कर दिया और कश्मीर को भारत के साथ एकीकृत कर दिया।"

उन्होंने DMK और कांग्रेस पर 2004 से 2014 तक 10 साल की अवधि के दौरान हजारों करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया और कहा कि नौ साल से सत्तारूढ़ NDA सरकार के खिलाफ ऐसे कोई आरोप नहीं हैं।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), मदुरै की स्थापना को लेकर स्टालिन की टिप्पणी के लिए पलटवार करते हुए शाह ने कहा कि जब DMK केंद्र में 18 साल सत्ता में थी, तब उसने तमिलनाडु में इसकी स्थापना के लिए कदम नहीं उठाए ‘बल्कि केवल भ्रष्टाचार में डूबी रही।'

उन्होंने तमिलनाडु के लिए केंद्र की अलग-अलग पहल को रेखांकित किया। शाह ने तमिलनाडु को पैसे ट्रांसफर में कई गुना बढ़ोतरी, डिफेंस कॉरिडोर का आवंटन, दो वंदे भारत ट्रेन सेवा, नया इंटिग्रेट एयरपोर्ट टर्मिनल, अलग-अलग जिलों में 11 मेडिकल कॉलेज, चेन्नई और मदुरै समेत कई प्रमुख रेलवे स्टेशन का कायाकल्प, कोयंबटूर में नया ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, 62 लाख शौचालय और 2500 किलोमीटर सड़क निर्माण का जिक्र किया।

'कैसरगंज लोकसभा से चुनाव लड़ूंगा, लड़ूंगा, लड़ूंगा...' बृजभूषण शरण सिंह ने 2024 चुनाव के लिए ठोकी अपनी दावेदारी

तमिल भाषा को बढ़ावा देने के लिए केंद्र की कोशिशों का भी शाह ने जिक्र किया। शाह ने कहा कि कई वैश्विक मंचों पर प्रधानमंत्री ने तमिल भाषा, इसके प्रतीक, तमिल संस्कृति और साहित्य की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध तमिल कृति ‘तिरुक्कुरल’ का 13 भारतीय भाषाओं में अनुवाद किया गया है। शाह ने काशी और सौराष्ट्र तमिल संगमम की शुरुआत का भी जिक्र किया।

मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच मामल्लपुरम में 2019 के शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने यहां बातचीत के लिए पड़ोसी देश के नेता को आमंत्रित करके तमिलनाडु के पर्यटन को बढ़ावा दिया।

उन्होंने पिछले महीने मोदी की तरफ से संसद के उद्घाटन के दौरान संसद में सेंगोल (राजदंड) की स्थापना की भी प्रशंसा की। शाह ने कहा कि इसके अलावा, उम्मीदवार अब केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) परीक्षा और राष्ट्रीय योग्यता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) तमिल में लिख सकते हैं, जो तब नहीं था, जब कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सत्ता में था, जिसमें DMK एक प्रमुख घटक थी।

यह विश्वास जताते हुए कि BJP 2024 के लोकसभा चुनावों में 300 सीटों के साथ सत्ता में वापसी करेगी शाह ने कहा कि वह चाहते हैं तमिलनाडु से राजग के 25 सांसद हों। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनमें से कुछ को मंत्रिमंडल में भी शामिल किया जा सकता है। कार्यक्रम में शाह को स्मृति चिह्न के रूप में एक ‘सेंगोल’ भेंट किया गया।

इससे पहले, शाह ने चेन्नई में BJP की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई सहित पार्टी के नेताओं की एक बैठक में भाग लिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।