केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री नारायण राणे (Narayan Rane) ने दावा किया है कि महाराष्ट्र में अगले साल मार्च तक एक नई भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली सरकार होगी। नारायण राणे ने कहा कि जो भी कुछ है वो सब ठीक हो जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने गुरुवार को जयपुर में यह बात कही है। राणे के इस बयान पर महाराष्ट्र की राजनीति में तहलका मच गया है।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा है कि मार्च तक महाराष्ट्र की महा विकास अघाड़ी (Maha Vikas Aghadi govt) सरकार गिर जाएगी और यहां BJP की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जब BJP सरकार आ जाएगी तो आपको अपेक्षित बदलाव दिखाई देगा।
समाचार एजेंसी एएनआई ने गुरुवार को जयपुर में राणे के हवाले से कहा कि जितनी जल्दी हो सके, मार्च तक, बीजेपी महाराष्ट्र में सत्ता में आ जाएगी। मीडियाकर्मियों द्वारा यह पूछे जाने पर कि वह इतने आश्वस्त कैसे हो सकते हैं? इस पर बीजेपी नेता ने कहा कि कुछ चीजें हैं जो मैं बता नहीं सकता।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह बात मेरे अंदर की है, इसलिए मैं उसे अभी बाहर नहीं निकालना चाहता हूं। सरकार बनानी होती है या सरकार गिरानी होती है तो कुछ बात सीक्रेट रखनी पड़ती है।
बीजेपी नेता ने महाराष्ट्र BJP अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल का नाम लेकर कहा कि मार्च तक महाराष्ट्र में बीजेपी सरकार बनाने की बात उन्होंने बोली है। यह बात उनकी जुबान से निकली है तो उसे सच साबित करने के लिए हम काम करेंगे।
इस बीच मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र बीजेपी के कई नेता कल से दिल्ली में मौजूद हैं। कल रात महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल गृह मंत्री अमित शाह से मिले थे, उस बैठक में देवेंद्र फडणवीस को भी शामिल होना था लेकिन उन्हें दिल्ली पहुंचने में देरी हो गई।