महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के अध्यक्ष राज ठाकरे (Raj Thackeray) ने मंगलवार को दावा किया कि महाराष्ट्र में NCP में चल रहे उठापटक (NCP Crisis) में खुद शरद पवार (Sharad Pawar) की मिलीभगत दिख रही है। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए ये बात कही। NCP नेता अजित पवार और आठ अन्य विधायक रविवार को शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी को तोड़कर राज्य की शिवसेना-BJP सरकार में शामिल हो गए।
राज ठाकरे ने कहा, "राज्य में जो हुआ वह बहुत बुरा हुआ है...ये राज्य के मतदाताओं के अपमान के अलावा और कुछ नहीं है।" उन्होंने कहा, “शरद पवार ने महाराष्ट्र में ये सभी चीजें शुरू कीं, उन्होंने पहली बार 1978 में ‘पुलोद’ (पुरोगामी लोकशाही दल) सरकार का इस्तेमाल किया था। महाराष्ट्र ने कभी भी ऐसे राजनीतिक हालात नहीं देखे थे। ये सभी चीजें पवार के साथ शुरू हुईं और पवार के साथ खत्म भी हो जाएंगी।”
इसके बाद MNS प्रमुख ने दावा किया कि हालिया घटनाक्रम के पीछे खुद शरद पवार हो सकते हैं। उन्होंने कहा, “प्रफुल्ल पटेल , दिलीप वाल्से-पाटिल और छगन भुजबल वे नहीं हैं, जो अपने दम पर और वरिष्ठ पवार के आशीर्वाद के बिना अजित पवार के साथ जाएंगे”
NCP में अलगाव के बाद सांसद पद से हटना चाहते थे कोल्हे
NCP के लोकसभा सांसद अमोल कोल्हे ने मंगलवार को कहा कि वह पार्टी के सियासी घटनाक्रम से बेचैन थे और पद छोड़ना चाहते थे, लेकिन पार्टी अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात और अपने मन की बात कहने के बाद उन्होंने फैसला बदल लिया।
पेशे से अभिनेता कोल्हे रविवार को NCP नेता और डिप्टी सीएम अजित पवार और आठ अन्य पार्टी विधायकों के शपथ ग्रहण के लिए राजभवन में मौजूद थे, लेकिन बाद में उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि वह शरद पवार के साथ हैं।
मीडिया से बात करते हुए कोल्हे ने कहा कि NCP में विद्रोह के बाद वह बहुत असहज महसूस कर रहे थे और उन्होंने सांसद पद छोड़ने की इच्छा व्यक्त करने के लिए पवार से मुलाकात की। पुणे जिले के शिरूर से लोकसभा सांसद ने कहा कि लेकिन पवार साहब ने मुझसे कहा कि NCP में चल रहे घटनाक्रम को लेकर बेचैनी सिर्फ मेरे मन में नहीं है, बल्कि राज्य के युवाओं और मतदाताओं के मन में भी है।
उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान शरद पवार ने सलाह दी कि हमें लोकतंत्र की रक्षा के लिए राज्य का दौरा करने की जरूरत है। क्षेत्र के विकास के सपने को पूरा करना आपका कर्तव्य है।
शिवसेना की कोर कमेटी की बैठक
राजनीतिक घटनाक्रम पर चर्चा करने के लिए मंगलवार की रात सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की कोर समिति की मुंबई में बैठक हुई। पार्टी के सूत्र ने बताया कि ये बैठक स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर के आधिकारिक आवास पर हुई।
NCP नेता अजित पवार के शिवसेना-BJP सरकार में शामिल होने के बाद बैठक बुलाई गई। सूत्रों ने कहा कि बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि अजित पवार के नेतृत्व वाली NCP को सरकार में शामिल करके BJP ये संदेश देना चाहती है कि शिवसेना उसके लिए जरूरी नहीं है।