सीएम नीतीश कुमार कभी भी NDA में हो सकते हैं शामिल! केंद्रीय मंत्री ने किया बड़ा दावा

Nitish Kumar की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) ने अगस्त 2022 में भगवा दल से नाता तोड़ लिया था और NDA से अलग हो गई थी। बाद में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के साथ मिलकर नई सरकार बना ली थी। कुमार विपक्षी पार्टियों के गठबंधन 'इंडिया (I.N.D.I.A)' के प्रमुख चेहरा हैं। केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा, "नीतीश कुमार कभी भी हमारे साथ आ सकते हैं।"

अपडेटेड Jul 30, 2023 पर 9:14 PM
Nitish Kumar: केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार को विपक्षी गठबंधन के नाम 'इंडिया' पर आपत्ति है

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले (Union minister Ramdas Athawale) ने रविवार को दावा किया कि पिछले साल भारतीय जनता पार्टी (BJP) से नाता तोड़ने वाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) किसी भी समय बीजेपी की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में लौट सकते हैं। आठवले ने कहा कि नीतीश कुमार पहले NDA का हिस्सा थे और पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी को अधिक सीटें मिली थी, इसके बावजूद उन्हें मुख्यमंत्री बनाया गया था। केंद्रीय मंत्री ने विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन को आड़े हाथ लेते हुए आरोप लगाया कि उसका एकमात्र एजेंडा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाना है।

बता दें कि नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) ने अगस्त 2022 में भगवा दल से नाता तोड़ लिया था और NDA से अलग हो गई थी। बाद में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के साथ मिलकर नई सरकार बना ली थी। कुमार विपक्षी पार्टियों के गठबंधन 'इंडिया (I.N.D.I.A)' के प्रमुख चेहरा हैं। केंद्रीय सामाजिक अधिकारिता राज्य मंत्री आठवले ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, "नीतीश कुमार कभी भी हमारे साथ आ सकते हैं।" आठवले की रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) केंद्र की राजग सरकार का समर्थन कर रही है।

आठवले ने कहा कि नीतीश कुमार को विपक्षी गठबंधन के नाम 'इंडिया' पर आपत्ति है। उन्होंने दावा किया कि संयोजक एवं प्रधानमंत्री पद उम्मीदवार को लेकर गठबंधन के भीतर भी मतभेद है। उन्होंने कहा कि कल मैं पटना में था और मुझसे नीतीश कुमार की नाराजगी की खबर के बारे में सवाल किया गया जो बेंगलुरु में विपक्षी पार्टियों की बैठक से पहले ही लौट आए थे।


आठवले ने कहा, "मैंने कहा कि अगर वह (नीतीश कुमार) खुश नहीं हैं तो उन्हें मुंबई (इंडिया गठबंधन की अगली बैठक) नहीं जाना चाहिए। वह पहले NDA के साथ थे और कभी भी लौट सकते हैं।"

अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में बीजेपी का मुकाबला करने के लिए 26 दलों ने इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) नाम से गठबंधन बनाया है। आठवले ने कहा कि विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' का अभिप्राय 'इंट्रोडक्शन नेगेटिव डाटा आइडिया अलायंस' है जिसका मकसद 'मोदी हटाओ' जबकि हमारा एजेंडा देश का विकास है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।