Omicron Cases in india: देश में कोविड-19 के नए वेरिएंट ओमक्रोन के बढ़ते मामलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी 23 दिसंबर को कोरोना से संबंधित स्थिति की समीक्षा बैठक करेंगे। भारत सरकार के सूत्रों ने न्यूज एजेंसी एएनआई को यह जानकारी दी। बता दें कि भारत में ओमीक्रोन वेरिएंट के मामले बढ़कर 213 हो गया है, जिसमें दिल्ली और महाराष्ट्र में क्रमशः 57 और 54 मामले दर्ज किए गए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि भारत में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रोन के 213 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 90 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं या अन्य स्थानों पर चले गए। ये मामले 15 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में सामने आए। दिल्ली में ओमीक्रोन के सबसे अधिक 57 मामले, महाराष्ट्र में 54, तेलंगाना में 24, कर्नाटक में 19, राजस्थान में 18, केरल में 15 और गुजरात में 14 मामले सामने आए हैं।
6,317 नए मामले आए सामने और 318 की मौत
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, भारत में एक दिन में कोविड-19 के 6,317 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,47,58,481 हो गई। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 78,190 रह गई है, जो 575 दिन में सबसे कम है। 318 और संक्रमितों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,78,325 हो गई। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से जिन 318 लोगों की जान गई उनमें से 233 लोग केरल के, 30 लोग गोवा के और 14 लोग महाराष्ट्र के थे।
आंकड़ों के अनुसार, देश में लगातार 55 दिन से कोविड-19 के दैनिक मामले 15 हजार से कम हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 78,190 हो गई है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 0.22 प्रतिशत है। यह दर मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है। पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के एक्टिव मरीजों की संख्या में 907 की कमी दर्ज की गई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.40 प्रतिशत है, जो मार्च 2020 के बाद से सर्वाधिक है।
दैनिक संक्रमण दर 0.51 फीसदी दर्ज
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, दैनिक संक्रमण दर 0.51 प्रतिशत दर्ज की गई, जो पिछले 79 दिन से दो प्रतिशत से कम है। साप्ताहिक संक्रमण दर 0.58 प्रतिशत दर्ज की गई, जो पिछले 38 दिन से एक प्रतिशत से कम है। देश में अभी तक कुल 3,42,01,966 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.38 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी वैक्सीनेशन अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 वैक्सीन की 138.96 करोड़ से अधिक डोज दी जा चुकी है।
देश में पिछले साल 7 अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।