Bengaluru Opposition Parties Meeting Today: विपक्ष के 26 दलों के शीर्ष नेता आज यानी मंगलवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में औपचारिक रूप से इस प्लान पर चर्चा करेंगे कि कैसे 2024 के लोकसभा चुनाव में केंद्र में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खिलाफ एक साझा कार्यक्रम तैयार किया जाए और एकजुट होकर उसे मात दी जाए। इससे पहले बेंगलुरु में विपक्षी दलों के नेताओं ने दो दिवसीय बैठक के पहले दिन सोमवार को रात्रिभोज के मौके पर अनौपचारिक रूप से चर्चा की थी, जहां से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि वे 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के खिलाफ एकजुट हैं।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार और कुछ अन्य नेता भी मंगलवार को दूसरे दिन की बैठक में शामिल होंगे जो पहले दिन की बैठक में शामिल नहीं हो सके थे। दूसरे दिन की बैठक के बाद विपक्षी दलों के नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आगे की रूपरेखा पेश करेंगे। विपक्षी दलों की बैठक के दूसरे दिन की चर्चा मंगलवार को होगी। इस बीच आज ही दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की बैठक होने वाली है। BJP अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा है कि राजग की बैठक में 38 दल शामिल होंगे।
पहले दिन ये नेता हुए शामिल
पहले दिन की बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस (TMC) की प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल (यूनाइटेड) के शीर्ष नेता नीतीश कुमार, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) के नेता एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव, शिवसेना (UBT) के प्रमुख उद्धव ठाकरे, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता एवं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव और कुछ अन्य नेता शामिल हुए।
कांग्रेस का बीजेपी पर हमला
पहले दिन की बैठक से पहले कांग्रेस ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा था कि अगले लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ विपक्षी दलों की एकजुटता भारत के राजनीतिक परिदृश्य के लिए परिवर्तनकारी साबित होगी। जो लोग अकेले दम पर विपक्षी दलों को हरा देने का दंभ भरते थे, वे इन दिनों NDA के भूत में नई जान फूंकने की कोशिश में लगे हुए हैं।
कांग्रेस प्रमुख खड़गे ने विपक्षी दलों की बैठक से पहले सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी पर हमला करते हुए कहा था कि संसद में सभी विपक्षी दलों पर अकेले भारी पड़ने की बात करने के बाद अब उन्हें (प्रधानमंत्री को) 30 छोटे-छोटे दलों को गिनने की जरूरत क्यों पड़ गई। सूत्रों का कहना है कि दूसरे दिन की बैठक में विपक्षी दल 2024 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने के लिए अपनी रणनीति तैयार करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, विपक्षी दल साझा न्यूनतम कार्यक्रम के आधार पर काम करेंगे और मिलकर आंदोलन करने की योजना की घोषणा करने के साथ ही साझा घोषणापत्र और हर सीट पर बीजेपी के खिलाफ विपक्ष का एक उम्मीदवार खड़ा करने के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। बता दें कि इससे पहले विपक्षी दलों की पिछली बैठक 23 जून को बिहार की राजधानी पटना में हुई थी।