प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने सोमवार को कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए सबसे पुरानी पार्टी को "भ्रष्टाचार का पर्याय" करार दिया। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के चार दशक बाद तक पार्टी को यह समझ नहीं आया कि गांवों में पंचायती राज व्यवस्था (Panchayati Raj System) लागू करना कितना जरूरी है। पीएम मोदी ने हरियाणा में आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय पंचायती राज परिषद में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चार दशकों के दौरान इसके लिए कुछ भी ठोस नहीं किया गया है।
पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय कार्यक्रम 'हरियाणा क्षेत्रीय पंचायती राज परिषद' का उद्घाटन करने के बाद यह टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राज में पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने के कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए। पीएम मोदी ने कहा कि देश आज विकासित भारत के लक्ष्य को हासिल करने और 'अमृत काल' के प्रस्तावों को साकार करने की दिशा में एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस अमृत काल की 25 साल की यात्रा के दौरान हमें पिछले दशकों के अनुभवों को भी याद रखना होगा। पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत का मार्ग टियर-2, टियर-3 शहरों और गांवों से होकर गुजरता है। मुख्य शहरों से दूर के स्थानों और छोटे शहरों में उम्मीद की नई किरण एवं ऊर्जा दिखाई देती है।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आगे कहा कि आजादी के चार दशक बाद तक उसे यह समझ नहीं आया कि गांवों में पंचायती राज सिस्टम लागू करना कितना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जिला पंचायत सिस्टम को भी भाग्य भरोसे छोड़ दिया था।
फरीदाबाद के सूरजकुंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, बीजेपी हरियाणा इकाई के प्रमुख ओपी धनखड़ और अन्य बीजेपी नेता मौजूद थे।