Punjab Election 2022: पीएम मोदी अगले महीने पंजाब में मेगा रैली को संबोधित कर बजाएंगे चुनावी बिगुल, 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी BJP

पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस को 30-35 सीटें दी जा सकती हैं

अपडेटेड Dec 22, 2021 पर 3:02 PM
Story continues below Advertisement
BJP की नजर उन सीटों पर है जहां हिंदू और दलित मतदाताओं का बहुमत है

Punjab Election 2022: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने की शुरुआत में एक मेगा रैली को संबोधित कर पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी का चुनावी बिगुल बजाएंगे। पार्टी द्वारा इसकी तैयारियां शुरू की जा चुकी हैं। इंडिया टीवी को सूत्रों ने बताया कि पंजाब में अब तक शिरोमणि अकाली दल (SAD) के साथ इलेक्शन लड़ चुकी भारतीय जनता पार्टी (BJP) 117 विधानसभा सीटों में से 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

वहीं, पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस को 30-35 सीटें दी जा सकती हैं जबकि शेष सुखदेव सिंह ढींडसा की शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) को दी जाएंगी। हालांकि सीटों के बंटवारे की अभी औपचारिक घोषणा होनी बाकी है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि सीटों के बंटवारे को लेकर बीजेपी और पंजाब लोक कांग्रेस में आम सहमति बन गई है।

Omicron Cases: ओमीक्रोन वेरिएंट के बढ़ते मामलों के बीच PM मोदी कल देश में कोरोना से संबंधित स्थिति की करेंगे समीक्षा बैठक


बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब की राजनीति के अनुभवी खिलाड़ी हैं। यह पहला चुनाव होगा जब भगवा दल अकाली दल के बिना चुनावी मैदान में उतरेगी। पार्टी की नजर उन सीटों पर है जहां हिंदू और दलित मतदाताओं का बहुमत है। हाल ही में भारतीय जनता पार्टी ने आगामी पंजाब विधानसभा का चुनाव पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के साथ गठबंधन में लड़ने की औपचारिक घोषणा की थी।

अमरिंद सिंह ने बताया कि उपयुक्त समय पर सीटों के तालमेल के बारे में घोषणा की जाएगी। पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सिंह ने पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी का गठन कर लिया था। सिंह ने इस घोषणा से पहले केंद्रीय मंत्री और पंजाब के लिए बीजेपी के चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया।

Indian Railways: रेलवे इंजीनियर जालसाजी कर रेल इंजन को ही कबाड़ में बेचने की कर रहा था कोशिश, FIR दर्ज

बीजेपी का शिरोमणि अकाली दल से बहुत पुराना गठबंधन था, लेकिन केंद्र सरकार के तीन विवादित कृषि कानूनों के मुद्दे पर दोनों दलों का गठबंधन टूट गया था। पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। 2017 के पंजाब विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 77 सीटों पर जीत हासिल करते हुए पूर्ण बहुमत हासिल किया था। वहीं, SAD-BJP गठबंधन ने 18 सीटें जीती थीं जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) ने 20 सीटें हासिल की थीं, इस प्रकार वह विधानसभा में प्रमुख विपक्षी दल बन गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।