Get App

Punjab Congress Crisis: नवजोत सिंह सिद्धू का पंजाब अध्यक्ष पद से इस्तीफा, कैप्टन बोले- कहा था वो सही आदमी नहीं है

हालांकि नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Siddhu) ने कहा कि वह कांग्रेस की सेवा करते रहेंगे

MoneyControl Newsअपडेटेड Sep 29, 2021 पर 9:11 AM
Punjab Congress Crisis: नवजोत सिंह सिद्धू का पंजाब अध्यक्ष पद से इस्तीफा, कैप्टन बोले- कहा था वो सही आदमी नहीं है

पंजाब कांग्रेस (Punjab Congress) में कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद भी सब कुछ सही नहीं चल रहा है। कैप्टन के इस्तीफे के बमुश्किल 10 दिन बाद, नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Siddhu) ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के पद से अपना इस्तीफा दे दिया। हालांकि सिद्धू ने कहा कि वह कांग्रेस की सेवा करते रहेंगे। उधर दूसरी तरफ पंजाब के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह (Amarinder Singh) भी चंडीगढ़ एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे के बाद पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर कहा, "मैंने आपसे कहा था...वह स्थिर व्यक्ति नहीं है और सीमावर्ती राज्य पंजाब के लिए सही नहीं है।"

सिद्धू ने ट्विटर पर ये घोषणा की। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे पत्र को भी शेयर किया। सिद्धू ने अपने त्याग पत्र में लिखा, "मैं पंजाब के भविष्य और पंजाब के कल्याण के एजेंडे से कभी समझौता नहीं कर सकता। इसलिए मैं पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देता हूं। मैं कांग्रेस की सेवा करता रहूंगा।"

पंजाब कांग्रेस में चल रहा ये संकट पार्टी के लिए अशुभ साबित हो सकता है, क्योंकि इस वक्त राज्य में 2022 के विधानसभा चुनावों की तैयारी चल रही है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के दिल्ली दौरे से पहले सिद्धू ने ये कदम उठाया है।

18 सितंबर को इस्तीफा देने के बाद कैप्टन सिंह का दिल्ली का ये पहला दौरा होगा। पंजाब कांग्रेस के भीतर बढ़ते तनाव के बीच जुलाई में सिद्धू को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रमुख नियुक्त किया गया था।

उनके साथ, कांग्रेस ने पंजाब इकाई के लिए चार कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किए थे - संगत सिंह गिलजियान, सुखविंदर सिंह डैनी, पवन गोयल और कुलजीत सिंह नागरा।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें