असम (Assam) के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने राहुल गांधी (Rahul Gandhi), उनकी 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' (Bharat Jodo Nyay Yatra) और कांग्रेस (Congress) को लेकर काफी तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस यात्रा के पीछे का मकसद राज्य में 'हिंसा और दंगे भड़कना' था। इतना ही नहीं उन्होंने ये भी कहा कि राहुल गांधी ने अपनी इस यात्रा के दौरान अपने 'बॉडी डबल' का इस्तेमाल किया। हालांकि, अब राहुल की ये यात्रा असम से निकल कर कूच बिहार के जरिए पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर चुकी है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान असम के मुख्यमंत्री ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा की टाइमिंग को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा, "यह यात्रा क्या थी? इसकी टाइमिंग देखिए... उन्होंने असम में बड़ा सांप्रदायिक टकराव भड़काने की साजिश रची थी। इसकी एक झलक हमें गुवाहाटी में देखने को मिली, लेकिन उनकी बड़ी साजिश राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दौरान असम से होकर गुजरने की थी और राज्य में झड़प हो गई। लेकिन हमारी पार्टी के लोगों और रामभक्तों ने खुद को संयमित रखा। उन्होंने असम में कुछ भी गलत नहीं होने दिया।"
कांग्रेस की राजनीति 'सॉफ्ट नक्सलवाद'
CM हिमंत ने राहुल गांधी से एक वादा करते हुए कहा, "मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं...असम के लोग आपको आपके अहंकार के लिए लोकसभा में देखेंगे। मैं आज आपको यह वचन देता हूं - असम में कांग्रेस को और भी कम सीटें मिलेंगी और हम उन्हें अच्छे अंतर से हराएंगे। मैं आज आपसे यह वादा करता हूं।"
वहीं उन्होंने कांग्रेस की विचारधार को नक्सलवाद से भी जोड़ा। उन्होंने कहा, "कांग्रेस की राजनीति 'सॉफ्ट नक्सलवाद' वाली बन गई है। उनके नारों में अब गांधीवादी सिद्धांतों नहीं दिखत। मैं भी 22 साल तक कांग्रेस में था, लेकिन पहले कभी ऐसे नारे नहीं थे। कांग्रेस का नारा नरम था। मैं देख रहा हूं कि उन्होंने कांग्रेस की आत्मा तक को मार डाला है। पूरा काफिला तथाकथित वामपंथी लोगों, वाम-झुकाव वाले लोगों से भरा हुआ था।"
सब से ज्यादा चौंकाने वाली बात ये है कि सरमा ने एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए इस्तेमाल की जा रही बस में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के जगह उनके बॉडी डबल का इस्तेमाल किया गया था।
दरअसल कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा जब तक असम में रही, तब तक हर दिन एक न एक नया बवाल देखने को मिला। इस दौरान असम पुलिस ने भीड़ को कथित तौर पर भड़काने के आरोप में राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और कन्हैया कुमार के खिलाफ FIR दर्ज की। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
इससे पहले हिमंत बिस्वा सरमा ये भी कह चुके हैं कि लोकसभा चुनाव के बाद हम राहुल गांधी को गिरफ्तार करेंगे। उन्होंने कहा, "हम उन्हें लोकसभा चुनाव के बाद गिरफ्तार करेंगे। अगर हम उन्हें पहले गिरफ्तार करते हैं, तो इसका राजनीतिकरण हो जाएगा। अब मामला दर्ज किया गया है, SIT जांच करेगी और हमारे पास सबूत हैं। उनके उकसाने के बाद गुवाहाटी में एक बड़ी घटना हो सकती थी। बैरिकेड्स तोड़ें गए। हम लोकसभा चुनाव से पहले राजनीति नहीं करना चाहते, क्योंकि हम यह चुनाव जीतने जा रहे हैं।"