कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने भारत में ट्रक की यात्रा करने के बाद अब अमेरिका में भी एक ट्रक की सवारी की। इस दौरान उन्होंने भारतीय मूल के ट्रक ड्राइवरों की जिंदगी के बारे में जाना। राहुल गांधी ने ट्रक के इस सफर का वीडियो अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है। राहुल गांधी की ओर से जारी किए गए वीडियो में यह दिखाने की कोशिश की गई है कि भारत और अमेरिका में ट्रक चालकों की हालत में क्या फर्क है। कांग्रेस नेता ने इस दौरान ट्रक ड्राइवर से उनकी कमाई पूछ ली। ट्रक ड्राइवर ने जो जवाब दिया वह सुनकर राहुल गांधी दंग रह गए।
राहुल गांधी इस दौरान ट्रक ड्राइवर से पूछते हैं कि वह महीने में कितना कमा लेता है? तो वह कहता है कि हर महीने वह 10 हजार डॉलर (करीब 8 लाख रुपये) तक कमा लेता है। ट्रक चालक कहता है, "अमेरिका में ट्रक ड्राइवर अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकता है, लेकिन भारत में यह मुश्किल है।"
राहुल गांधी ने भारतीय ड्राइवर तलजिंदर सिंह के साथ ट्रक की सवारी का आनंद लिया। इस दौरान कांग्रेस नेता ने अमेरिका में काम करने के अनुभवों के बारे में विस्तार से बात की। कांग्रेस नेता ट्रक के डिजाइन को देखकर चकित थे। उन्होंने कहा कि अमेरिका में ट्रक ड्राइवर के आराम को ध्यान में रखते हुए बनाए गए हैं, लेकिन भारत में ऐसा नहीं है।
राहुल गांधी से बातचीत में ड्राइवर ने कहा कि अमेरिकी पुलिसकर्मी उन्हें कभी परेशान नहीं करते। चोरी का भी डर कम होता है। हां, ओवरस्पीडिंग पर कभी-कभी चालान कट जाता है। हर स्टेट और जगह के हिसाब से स्पीड की लिमिट बदलती रहती है। गाड़ी उसी के हिसाब से चलानी होती है।
इस दौरान ट्रक ड्राइवर गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का उल्लेख करते हुए कहाता है कि गायक को इंसाफ नहीं मिला है। इस पर राहुल गांधी और ट्रक चालक मूसेवाला का एक गाना सुनते हैं। अमेरिकी यात्रा पर जाने से पहले राहुल गांधी ने दिल्ली से चंडीगढ़ तक ट्रक से यात्रा की थी।