Rajya Sabha Elections 2023: विदेश मंत्री एस. जयशंकर (S Jaishankar) ने सोमवार को गुजरात के गांधीनगर से आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। जयशंकर गुजरात की राज्यसभा सीट के लिए होने वाले चुनाव को लेकर अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए रविवार रात अहमदाबाद पहुंचे। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की गुजरात इकाई के महासचिव प्रदीप सिंह वाघेला ने कहा कि जयशंकर का कार्यकाल गुजरात के दो अन्य राज्यसभा सदस्यों के साथ 18 अगस्त को समाप्त हो रहा है। इसलिए उन्होंने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर मंत्री राघवजी पटेल, अहमदाबाद के महापौर किरीट परमार समेत बीजेपी के अन्य पार्टी पदाधिकारियों ने जयशंकर का स्वागत किया। बीजेपी ने तीन में से आधिकारिक तौर पर उन दो राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं की है, जिनके लिए 24 जुलाई को चुनाव होने हैं। हालांकि, जयशंकर का नामांकन निश्चित था।
कांग्रेस ने कहा है कि वह गुजरात की तीन राज्यसभा सीट के लिए होने वाले चुनाव में उम्मीदवार नहीं उतारेगी क्योंकि 182 सदस्यीय विधानसभा में उसके पास पर्याप्त विधायक नहीं हैं। गुजरात में पिछले साल के अंत में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने रिकॉर्ड 156 सीट हासिल की थी। जबकि कांग्रेस ने राज्य के गठन के बाद से अपना सबसे खराब प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 17 सीट हासिल की थीं।
चुनाव आयोग ने पिछले महीने घोषणा की थी कि गुजरात में तीन राज्यसभा सीट के लिए चुनाव 24 जुलाई को होंगे। गुजरात कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मनीष दोशी ने कहा कि हमारी पार्टी के पास 182 सदस्यीय विधानसभा में आवश्यक संख्या नहीं है, इसलिए हमने राज्य में आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया है।
गुजरात की 11 राज्यसभा सीट में से आठ पर भगवा पार्टी का कब्जा है, जबकि अन्य तीन पर कांग्रेस के सदस्य हैं। बीजेपी की आठ सीट में से तीन सीट 18 अगस्त को खाली हो जाएंगी, क्योंकि विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ-साथ जुगलजी ठाकोर और दिनेश अनावाडिया का कार्यकाल उक्त तिथि पर पूरा हो रहा है। इन तीन सीट के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 13 जुलाई और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 17 जुलाई है। जरूरत पड़ने पर मतदान 24 जुलाई को होगा।