रेवंत रेड्डी का विवादित बयान! आक्रमणकारी महमूद गजनवी से कर दी पीएम मोदी की तुलना, BJP ने की माफी की मांग

Revanth Reddy News: तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस द्वारा आयोजित एक रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना मध्यकालीन तुर्की आक्रमणकारी महमूद गजनवी से करके विवाद खड़ा कर दिया। महू में "जय बापू, जय भीम, जय संविधान" रैली को संबोधित करते हुए रेड्डी ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी संविधान को बदलने और नौकरी में आरक्षण खत्म करने का प्रयास कर रहे हैं

अपडेटेड Jan 28, 2025 पर 1:09 PM
Story continues below Advertisement
Revanth Reddy News: रेवंत रेड्डी के इस विवादित बयान का वीडियो शेयर करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उनसे माफी की मांग की है

Revanth Reddy News: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने विदेशी आक्रांता महमूद गजनवी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथित तौर पर तुलना कर नया बखेड़ा खड़ा कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार संविधान बदलने तथा मौजूदा आरक्षण व्यवस्था को रद्द करने की कोशिश कर रही है। रेड्डी के इस विवादित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उनसे माफी की मांग की है।

रेड्डी ने डॉ. बीआर आंबेडकर की जन्मस्थली महू में कांग्रेस की 'जय बापू-जय भीम-जय संविधान' रैली में कहा, "मैंने इतिहास में पढ़ा था गजनी मोहम्मद (महमूद गजनवी) ने हिंदुस्तान को लूटने के लिए, हिंदुस्तान को हासिल करने के लिए बार-बार कोशिश की थी। गजनी मोहम्मद जैसे ही आज (प्रधानमंत्री) मोदी संविधान बदलने और आरक्षण रद्द करने के लिए कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी कोशिश कामयाब नहीं होगी।"

उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का जिक्र करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने अंग्रेजों को हराकर देश को बचाया था। पीटीआई के मुताबिक रेड्डी ने कहा, "आज ब्रिटिश जनता पार्टी, भारतीय जनता पार्टी के नाम से चल रही है। इस ब्रिटिश जनता पार्टी को हराने के लिए राहुल गांधी एक सिपाही के रूप में कोशिश कर रहे हैं।"


'संविधान को बदलने की कोशिश'

इससे पहले, रेड्डी ने BJP पर संविधान बदलने का छिपा एजेंडा चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ दल के इस कथित मंसूबे को पूरी ताकत से नाकाम किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों से कहा, "संविधान को बदलने की कोशिश की जा रही है। वे (भाजपा) जितनी ताकत से संविधान बदलने की कोशिश करेंगे, हम उतनी ताकत से संविधान बचाने की कोशिश करेंगे। इसलिए हम आज महू में जमा हुए हैं।"

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने BJP पर आंबेडकर, संविधान और आरक्षण व्यवस्था का मखौल उड़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ दल का यह रुख देश के लिए उचित नहीं है। रेड्डी ने दावा किया कि संविधान बदलने और आरक्षण व्यवस्था को रद्द करने की कोशिशों के तहत बीजेपी 2024 के लोकसभा चुनाव में 400 सीट जीतना चाहती थी।

उन्होंने कहा, "...लेकिन जागरूक मतदाताओं ने भाजपा को केवल 240 लोकसभा सीट दीं। तब से वे (भाजपा) हैरान हैं क्योंकि वे संविधान बदलने का अपना छिपा एजेंडा लागू नहीं कर सके। इसलिए 2025 का साल महत्वपूर्ण है और हम पूरी ताकत से एकजुट हैं।"

बीजेपी ने की माफी की मांग

सीएम के इस टिप्पणी की बीजेपी ने व्यापक निंदा की। कई नेताओं और मंत्रियों ने इसे "शर्मनाक" बताया। उन्होंने कहा, "यह विडंबना है कि रेवंत रेड्डी ने प्रधानमंत्री मोदी पर संविधान को बदलने का प्रयास करने का आरोप लगाया, जबकि वास्तव में कांग्रेस ने अपने कार्यकाल के दौरान संविधान में हस्तक्षेप किया था। कांग्रेस ने आपातकाल लगाया, आम नागरिकों के अधिकारों का दमन किया और प्रेस की स्वतंत्रता को सीमित किया।"

BJP की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष वी.डी. शर्मा ने रेड्डी के विवादित बयान का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते हुए कहा, "बेहद शर्मनाक! 17 बार भारत पर लूट की मंशा से आक्रमण करने वाले विदेशी आक्रांता महमूद गजनवी की तुलना विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से करके कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी ने एक बार फिर अपनी पार्टी और नेतृत्व के नफरती व जहरीली मानसिकता का परिचय दिया है।"

ये भी पढ़ें- Baghpat Tragedy: यूपी के बागपत में बड़ा हादसा, निर्वाण महोत्सव के दौरान स्टेज ढहने से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 80 से अधिक घायल

उन्होंने कहा कि रेड्डी को अपने इस बयान के लिए प्रधानमंत्री और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी प्रधानमंत्री मोदी को लेकर रेड्डी के बयान की निंदा करते हुए उनसे माफी की मांग की है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।