Saif Ali Khan Attacked: 'मुंबई सेफ नहीं, ये कहना सही नहीं' सैफ अली खान पर हमले के बाद डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस बोले

देवेंद्र फडणवीस की यह प्रतिक्रिया तब आई, जब विपक्षी दलों ने मुंबई शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सत्तारूढ़ BJP पर चौतरफा हमले किए। महाराष्ट्र में महायुति के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना करते हुए शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "अगर सेलिब्रिटी सुरक्षित नहीं हैं, तो मुंबई में कौन सुरक्षित है

अपडेटेड Jan 16, 2025 पर 4:44 PM
Story continues below Advertisement
Saif Ali Khan Attacked: 'मुंबई सेफ नहीं, ये कहना सही नहीं' सैफ अली खान पर हमले के बाद डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस बोले

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के बाद मुंबई शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर चल रहे हंगामे पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो हुआ वो दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन यह कहना सही नहीं होगा कि मुंबई सुरक्षित नहीं है। फडणवीस ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, "पुलिस ने घटना के बारे में सारी जानकारी दे दी है। यह किस तरह का हमला है, इसके पीछे क्या है और हमले के पीछे क्या इरादा था, यह सब आपके सामने है।"

फडणवीस की यह प्रतिक्रिया तब आई, जब विपक्षी दलों ने मुंबई शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सत्तारूढ़ BJP पर चौतरफा हमले किए। महाराष्ट्र में महायुति के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना करते हुए शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "अगर सेलिब्रिटी सुरक्षित नहीं हैं, तो मुंबई में कौन सुरक्षित है।"

शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद ने X पर कहा, "यह कितनी शर्म की बात है कि मुंबई में एक और हाई-प्रोफाइल हत्या की कोशिश की गई, सैफ अली खान पर हमला एक बार फिर मुंबई पुलिस और गृह मंत्री पर सवाल उठाता है। यह उन सिलसिलेवार घटनाओं के बाद हुआ है, जो दिखाती हैं कि बड़े नामों को निशाना बनाकर मुंबई को कमजोर करने की जानबूझकर कोशिश की जा रही है।"


NCP (SP) की लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले, जो करीना कपूर खान की फैमली फ्रैंड भी हैं, उन्होंने कहा कि यह घटना चिंताजनक है।

सैफ अली खान पर हुआ हमला

अभिनेता सैफ अली खान को कथित तौर पर उनके घर में घुसे एक चोर के साथ हाथापाई के दौरान कई बार चाकू घोंपा गया। इस घटना में अभिनेता को कई चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उनकी टीम की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया, "सैफ अली खान सर्जरी से बाहर आ गए हैं और अब खतरे से बाहर हैं। वह फिलहाल ठीक हो रहे हैं और डॉक्टर उनकी प्रगति पर नजर रख रहे हैं। परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और पुलिस घटना की जांच कर रही है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।