'कांग्रेस को बहुत काम करने की जरूरत, राज्य के दिग्गजों के साथ करना होगा गठजोड़', PM मोदी के खिलाफ नए चेहरे पर शशि थरूर का जवाब

भोपाल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए, शशि थरूर (Shashi Tharoor) ने कहा कि कांग्रेस (Congress) को नेताओं को पार्टी छोड़ने से रोकना चाहिए। उन्होंने कहा, "यह बहुत जरूरी है"

अपडेटेड Oct 14, 2022 पर 5:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
PM मोदी के खिलाफ नए चेहरे पर शशि थरूर का जवाब

कांग्रेस (Congress) अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर (Shashi Tharoor) ने शुक्रवार को कहा कि केवल कांग्रेस ही 2024 के आम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खिलाफ अच्छी लड़ाई लड़ सकती है। हालांकि, थरूर ने यह लभी माना कि महागठबंधन (Mahagathbandhan) बनाने या हर एक राज्य में जाने और क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन करने के लिए सबसे पुरानी पार्टी को "बहुत काम" करना होगा।

भोपाल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए, थरूर ने कहा कि कांग्रेस को नेताओं को पार्टी छोड़ने से रोकना चाहिए। उन्होंने कहा, "यह बहुत जरूरी है।" उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में पार्टी के लोगों से मिले स्वागत से वह खुश हैं। साथ ही उन्होंने ये भी माना कि कुछ राज्यों में उन्हें इस तरह का स्वागत नहीं मिला।

थरूर के खिलाफ खड़े अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे को पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से समर्थन मिलने पर, तिरुवनंतपुरम के सांसद ने कहा, “मैं खड़गे के खिलाफ कुछ भी नहीं कहने वाला हूं। वह बहुत वरिष्ठ नेता हैं।"


उन्होंने आगे कहा कि सभी को अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर वोट देना चाहिए और किसी को यह बताने का अधिकार नहीं है कि वे किसे वोट दें।

खड़गे को गांधी परिवार से उनकी कथित नजदीकी के कारण पार्टी के शीर्ष पद के लिए पसंदीदा के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, थरूर ने बार-बार दोहराया है कि गांधी परिवार ने साफ कर दिया है कि वे न्यूट्रल रहेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव 17 अक्टूबर को होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को आएंगे।

'सभी से प्यार करता है गांधी परिवार'

गांधी परिवार पर थरूर ने कहा कि वे सभी से प्यार करते हैं। उन्होंने कहा, "किसी भी कांग्रेस अध्यक्ष के लिए खुद को गांधी परिवार से दूर रखना बचकाना होगा। हम गांधी परिवार के साथ मिलकर काम करेंगे।"

उन्होंने यह भी दावा किया कि BJP और उसकी वैचारिक शाखा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में कोई अंतर नहीं है।

कांग्रेस ने मुझे अपशब्द कहने का ठेका किसी और को दे दिया है: PM नरेंद्र मोदी

गुरुवार को, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में प्रतिनिधियों से वोट मांगते हुए, थरूर ने कहा कि वह संगठन में "बदलाव" लाना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस का समर्थन नहीं करने वाले मतदाताओं को "वापस लाने" का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा, "मैं पार्टी में बदलाव लाना चाहता हूं। मैं उन मतदाताओं को वापस लाना चाहता हूं, जो 2014 और 2019 में हमारे साथ नहीं खड़े हुए थे।" उन्होंने कहा, "यह चुनाव कांग्रेस के दो सदस्यों के बारे में है, जो पार्टी को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।"

थरूर ने कांग्रेस के अंदर "सिस्टम में खामियों" को स्वीकार करते हुए कहा, समस्या यह है कि पार्टी अध्यक्ष का चुनाव पिछले 22 सालों से नहीं हुआ है। हालांकि, उन्होंने कहा कि अध्यक्ष चुनाव 'स्वतंत्र और निष्पक्ष' तरीके से होगा और खड़गे से उनकी कोई दुश्मनी नहीं है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।