शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी (Priyanka Chaturvedi) ने संसद के मानसून सत्र में 11 अन्य सांसदों के साथ राज्यसभा से निलंबन के बाद संसद टीवी (Sansad TV) के एक शो के लिए एंकर के पद से इस्तीफा दे दिया है। चतुर्वेदी संसद टीवी के शो मेरी कहानी (Meri Kahaani) की एंकर थीं।
प्रियंका चतुर्वेदी ने राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू (Venkaiah Naidu) को एक पत्र लिखकर इस्ताफे का कारण भी बताया है। रविवार को वेंकैया नायडू को लिखे एक पत्र में शिवसेना सांसद ने लिखा है कि मेरे मनमाने निलंबन ने स्थापित संसदीय मानदंडों और नियमों का पूरी तरह से हनन किया है।
'मेरी कहानी' शो की थीं एंकर
सभापति को लिखे पत्र में प्रियंका ने कहा है कि यह बहुत दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि मैं संसद टीवी के शो 'मेरी कहानी' के एंकर के रूप में पद छोड़ रही हूं। मैं ऐसी जगह पर किसी पद पर रहने के लिए तैयार नहीं हूं, जहां मेरे प्राथमिक अधिकार को ही छीना जा रहा है। यह हम 12 सांसदों के मनमाने निलंबन के कारण हुआ है। इसलिए, जितना मैं इस शो के करीब थी, उतना ही मुझे दूर जाना पड़ रहा है।
शिवसेना सांसद ने पत्र में आगे लिखा है कि इस निलंबन से मेरा सांसद ट्रैक रिकॉर्ड भी खराब हुआ है। मुझे लगता है कि अन्याय हुआ है, लेकिन अगर सभापति की नजर में ये जायज है तो मुझे इसका सम्मान करना होगा। उन्होंने कहा कि जब संविधान की मेरी प्राथमिक शपथ को पूरा करने से वंचित किया जा रहा है तो ऐसे में संसद टीवी में सेवाएं देने को तैयार नहीं हूं।
आपको बता दें कि संसद के सोमवार को शुरू हुए शीतकालीन सत्र (Monsoon Session of Parliament) के पहले दिन राज्यसभा में कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (TMC) और शिवसेना सहित अन्य विपक्षी दलों के 12 सांसदों को इस सत्र की शेष अवधि तक के लिए उच्च सदन से निलंबित कर दिया गया था।
जिन सदस्यों को निलंबित किया गया है उनमें मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के इलामारम करीम, कांग्रेस की फूलों देवी नेताम, छाया वर्मा, रिपुन बोरा, राजमणि पटेल, सैयद नासिर हुसैन, अखिलेश प्रताप सिंह, तृणमूल कांग्रेस की डोला सेन और शांता छेत्री, शिवसेना की प्रियंका चतुर्वेदी और अनिल देसाई तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के विनय विस्वम शामिल हैं।