नोएडा: महिला से बदतमीजी करने वाले श्रीकांत त्यागी पर 25,000 रुपए का इनाम, गालीबाज नेता के अवैध कब्जे पर चला CM योगी का बुलडोजर

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना फेस-2 पर नामजद अभियुक्त श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी पर कमिश्नरेट नोएडा पुलिस द्वारा 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया है

अपडेटेड Aug 08, 2022 पर 2:38 PM
जब उसके अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का हथौड़ा चल रहा था, तो वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाते हुए योगी जिंदाबाद के नारे लगाए

नोएडा के ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में मचे बवाल के बाद अब गालीबाज नेता श्रीकांत त्यागी (Shrikant Tyagi) के खिलाफ योगी सरकार का बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया है। सोसायटी की महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी द्वारा उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित उनके आवास के बाहर बनाए गए अवैध निर्माण को ढहा दिया गया है।

इसके साथ ही उस पर 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर दिया गया है। एक बयान में कहा गया है कि कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना फेस-2 पर नामजद अभियुक्त श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी पर कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया है। बता दें कि महिला के साथ गालीगलौच और अभद्रता करने वाला श्रीकांत त्यागी अभी भी फरार है।


एक अधिकारी ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण ने सोमवार सुबह लगभग 9 बजे शहर के सेक्टर-93B स्थित ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में त्यागी के ग्राउंड फ्लोर वाले अपार्टमेंट के बाहर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। जब उसके अवैध अतिक्रमण पर नोएडा प्रशासन का हथौड़ा चल रहा था, तो वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाते हुए योगी जिंदाबाद के नारे लगाए।

ये भी पढ़ें- Coal Scam: पूर्व कोयला सचिव HC गुप्ता को 3 साल की सजा, जानिए क्या है पूरा मामला

भारतीय जनता पार्टी (BJP) का नेता होने का दावा करने वाले त्यागी के खिलाफ ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी की एक महिला के साथ अभद्रता करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, बीजेपी ने श्रीकांत त्यागी से दूरी बना ली है। बीजेपी का दावा है कि त्यागी भगवा पार्टी का नेता नहीं है।

श्रीकांत की कई तस्वीरें वायरल कर विपक्षी पार्टियां दावा कर रही हैं कि वह बीजेपी नेता है। हालांकि बीजेपी ने उससे पल्ला झाड़ लिया है। बीजेपी की स्थानीय ईकाई ने साफ कहा है कि श्रीकांत का पार्टी से कोई नाता नहीं है। पुलिस कमिश्नर के मीडिया प्रभारी ने बताया कि त्यागी के बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

बताया जा रहा है कि एक महिला ने त्यागी द्वारा सोसाइटी के साझा क्षेत्र में पौधे लगाने पर आपत्ति जताई थी, जिससे वह भड़क उठा था। श्रीकांत त्यागी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह एक महिला के साथ बहस करते दिख रहा है। क्लिप में वह महिला के साथ अभद्र भाषा में बात करते दिख रहा है।

इतना ही नहीं महिला जब उसकी हरकत पर विरोध जताती है तो वह उसके पति के लिए भी अपशब्द कहते हुए सुनाई दे रहा है। नोएडा पुलिस ने बताया कि श्रीकांत त्यागी का पता लगाने के लिए 12 टीमों का गठन किया गया है। सूत्रों ने बताया कि उसकी तलाश में अब तक करीब 50 ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है।

नोएडा पुलिस ने कहा कि त्यागी के 4 करीबी सहयोगियों को हिरासत में लिया गया है और फरार नेता के दो कार जब्त कर लिए गए हैं। उसके खिलाफ एक और FIR भी दर्ज की गई है। नोएडा के विधायक पंकज त्यागी ने सोमवार को कहा कि त्यागी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।