दिल्ली: विजय चौक पर प्रदर्शन कर रहे राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

सोनिया गांधी के पेशी के मद्देनजर दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर के पास भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने के खिलाफ पूरे देश में सत्याग्रह करने का ऐलान किया है

अपडेटेड Jul 26, 2022 पर 1:10 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को विजय चौक पर हिरासत में लिया

कांग्रेस सांसदों ने मंगलवार को नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) से ED की पूछताछ के विरोध में संसद परिसर से विजय चौक की ओर मार्च निकाला। इस मार्च में पार्टी नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) भी शामिल हुए। हालांकि, कुछ देर बाद दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित पार्टी के अन्य सांसदों को विजय चौक पर हिरासत में ले लिया।

ये भी पढ़ें- नेशनल हेराल्ड मामले में दूसरे दौर की पूछताछ के लिए ED दफ्तर पहुंचीं सोनिया गांधी, सवाल-जवाब शुरू

राहुल गांधी के अलावा दिल्ली पुलिस ने रंजीत रंजन, केसी वेणुगोपाल, मनिकम टैगोर, इमरान प्रतापगढ़ी, के सुरेश सहित अन्य कांग्रेस नेताओं को विजय चौक तक मार्च के दौरान हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा दिग्विजय सिंह, दीपेंद्र हुड्डा और सचिन पायलट सहित कई अन्य कांग्रेस नेताओं को भी हिरासत में लिया गया है।


सोनिया गांधी से हो रही है पूछताछ

नेशनल हेराल्ड अखबार से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी दूसरे दौर की पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दफ्तर पहुंच चुकी हैं। सूत्रों ने बताया कि एक महिला सहित तीन अधिकारियों की टीम सोनिया गांधी से पूछताछ कर रही है। पहले एजेंसी ने उन्हें सोमवार को तलब किया था, लेकिन बाद में तारीख एक दिन के लिए बढ़ा दी गई थी।

75 वर्षीय सोनिया गांधी से 21 जुलाई को मामले में पहले दिन दो घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई थी, जहां उन्होंने एजेंसी के 28 सवालों के जवाब दिए थे। ईडी कांग्रेस द्वारा नेशनल हेराल्ड का मालिकाना हक रखने वाली यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रही है।

सोनिया गांधी के साथ उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद हैं, जैसा कि उन्होंने पिछले सप्ताह किया था। दवा या किसी अन्य जरूरत के लिए प्रियंका उनके साथ रहेंगी। कांग्रेस नेता सोनिया से पूछताछ को लेकर देशभर में प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली और मुंबई सहित देश के अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन कर रहे हैं।

दिल्ली में बढ़ाई गई सुरक्षा

सोनिया गांधी के पेशी के मद्देनजर दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर के पास भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने के खिलाफ पूरे देश में सत्याग्रह करने का ऐलान किया है। इससे पहले गुरुवार को भी कांग्रेस नेताओं ने देश भर में ईडी कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था।

कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने सोमवार को एक बैठक की, जिसमें मंगलवार को एक बार फिर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया गया। हालांकि, महात्मा गांधी के स्मारक राजघाट पर एक 'सत्याग्रह' करने की कांग्रेस की मांग को दिल्ली पुलिस ने ठुकरा दिया है। राजघाट के पास धारा 144 लागू कर दी गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।