नेशनल हेराल्ड मामले में दूसरे दौर की पूछताछ के लिए ED दफ्तर पहुंचीं सोनिया गांधी, सवाल-जवाब शुरू

ED कांग्रेस द्वारा नेशनल हेराल्ड का मालिकाना हक रखने वाली यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रही है। सोनिया गांधी के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद हैं

अपडेटेड Jul 26, 2022 पर 11:34 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ED ने इससे पहले सोनिया गांधी से 21 जुलाई को करीब दो घंटे तक पूछताछ की थी

नेशनल हेराल्ड अखबार से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) दूसरे दौर की पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दफ्तर पहुंच चुकी हैं। एक महिला सहित तीन अधिकारियों की टीम सोनिया गांधी से पूछताछ कर रही है। पहले एजेंसी ने उन्हें सोमवार को तलब किया था, लेकिन बाद में तारीख एक दिन के लिए बढ़ा दी गई थी।

75 वर्षीय सोनिया गांधी से 21 जुलाई को मामले में पहले दिन दो घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई थी, जहां उन्होंने एजेंसी के 28 सवालों के जवाब दिए थे। ईडी कांग्रेस द्वारा नेशनल हेराल्ड का मालिकाना हक रखने वाली यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- Monkeypox: मंकीपॉक्स के लक्षण वाले इंटरनेशनल यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट से सीधे LNJP अस्पताल भेजा जाएगा


सोनिया गांधी के साथ उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद हैं, जैसा कि उन्होंने पिछले सप्ताह किया था। दवा या किसी अन्य जरूरत के लिए प्रियंका उनके साथ रहेंगी। कांग्रेस ने सोनिया से पूछताछ को लेकर देशभर में प्रदर्शन का ऐलान कर रहा है।

दिल्ली में बढ़ाई गई सुरक्षा

सोनिया गांधी के पेशी के मद्देनजर दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर के पास भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने के खिलाफ पूरे देश में सत्याग्रह करने का ऐलान किया है। इससे पहले गुरुवार को कांग्रेस नेताओं ने देश भर में ईडी कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था।

कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने सोमवार को एक बैठक की, जिसमें मंगलवार को एक बार फिर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया गया। हालांकि, महात्मा गांधी के स्मारक राज घाट पर एक 'सत्याग्रह' करने की कांग्रेस की मांग को दिल्ली पुलिस ने ठुकरा दिया है। राजघाट के पास धारा 144 लागू कर दी गई है।

कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी महासचिवों और सांसदों की बैठक के दौरान सोमवार को यह निर्णय लिया गया कि वे पार्टी दफ्तर में एक साथ मिलेंगे और शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हमने राजघाट के सामने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है। हमने अनुमति के लिए दिल्ली पुलिस को एक आवेदन दिया था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। यह दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। सरकार विपक्ष की आवाज को दबा रही है।

क्या है पूरा मामला?

कांग्रेस ने अपने शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ ईडी की कार्रवाई की निंदा की है। पार्टी ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध वाला कदम करार दिया है। वर्ष 2013 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी की एक निजी आपराधिक शिकायत के आधार पर यंग इंडियन के खिलाफ दिल्ली की एक निचली अदालत ने आयकर विभाग की जांच का संज्ञान लिया था।

ईडी ने पिछले साल के अंत में मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून के आपराधिक प्रावधानों के तहत एक नया मामला दर्ज करने के बाद गांधी परिवार से पूछताछ शुरू की। सोनिया और राहुल गांधी यंग इंडियन के प्रमोटर और मेजोरिटी शेयरहोल्डर्स हैं। अपने बेटे की तरह कांग्रेस अध्यक्ष के पास भी 38 फीसदी हिस्सेदारी है। जून में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से भी ईडी ने नेशनल हेराल्ड मामले में पांच दिन तक करीब 54 घंटे तक पूछताछ की थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।