सिंधिया से लेकर पेम्मासानी तक, ये हैं देश के 10 सबसे अमीर लोकसभा सांसद, हजारों करोड़ की संपत्ति के मालिक
Richest Loksabha MP: 18वीं लोकसभा के लिए चुने गए 543 सांसदों में से लगभग 504 या 93 प्रतिशत सांसद करोड़पति हैं। यह किसी भी लोकसभा चुनाव में चुने गए करोड़पति सांसदों की अबतक की सबसे अधिक संख्या है। 18वीं लोकसभा का पहला सत्र 24 जून से शुरू होने वाला है। इस बीच आइए देश के 10 सबसे अमीर लोकसभा सांसदों पर एक नजर डालते हैं
Richest Loksabha MP: बीजेपी सासंद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपनी कुल संपत्ति 424 करोड़ रुपये घोषित की है
Richest Loksabha MP: 18वीं लोकसभा के लिए चुने गए 543 सांसदों में से लगभग 504 या 93 प्रतिशत सांसद करोड़पति हैं। यह किसी भी लोकसभा चुनाव में चुने गए करोड़पति सांसदों की अबतक की सबसे अधिक संख्या है। एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 के लोकसभा चुनाव में जीते सांसदों में से 88 प्रतिशत करोड़पति थे, जबकि 2014 में इनकी संख्या 82 प्रतिशत थी। 18वीं लोकसभा का पहला सत्र 24 जून से शुरू होने वाला है। इस बीच आइए देश के 10 सबसे अमीर लोकसभा सांसदों पर एक नजर डालते हैं।
1. चंद्रशेखर पेम्मासानी, तेलुगु देशम पार्टी
टीडीपी के चंद्रशेखर पेम्मासानी 2024 के लोकसभा चुनाव में चुने गए सबसे अमीर सांसद हैं। इनकी कुल संपत्ति 5,705 करोड़ रुपये से भी अधिक है। पेम्मासानी ने आंध्र प्रदेश के गुंटूर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी वाईएसआरसीपी के किलारी वेंकट रोसालाह को 3.44 लाख से भी ज्यादा वोटों से हराया। NDA सरकार में उन्हें टीडीपी के कोटे से राज्य मंत्री भी बनाया है।
2. कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, भारतीय जनता पार्टी
बीजेपी के कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी फिलहाल देश के दूसरे सबसे अमीर लोकसभा सांसद है। उनके पास 4,568 करोड़ रुपये से अधिक की कुल घोषित संपत्ति है। रेड्डी ने तेलंगाना के चेवेल्ला लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और कांग्रेस के गद्दाम रंजीत रेड्डी को लगभग 1.72 लाख वोटों से हराया।
3. नवीन जिंदल, बीजेपी
बीजेपी नेता और उद्योगपति नवीन जिंदल की कुल संपत्ति 1,241 करोड़ रुपये से अधिक है। इसके साथ ही वह 18वीं लोकसभा के तीसरे सबसे अमीर सांसद हैं। वह देश के सबसे बड़े उद्योग घरानों में से एक से आते हैं और जिंदल स्टील एंड पावर के चेयरमैन हैं। जिंदल ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और आम आदमी पार्टी के सुशील गुप्ता को लगभग 29,021 मतों से हराया।
4. प्रभाकर रेड्डी वेमिरेड्डी, टीडीपी
करीब 716 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के साथ, वेमिरेड्डी 18वीं लोकसभा में चौथे सबसे अमीर सांसद हैं। वही VPR माइनिंग इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर हैं। उन्होंने आंध्र प्रदेश के नेल्लोर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी वाईएसआरसीपी के वेणुंबका विजयसाई रेड्डी को 2.45 लाख से ज्यादा वोटों से हरा कर जीत हासिल की।
5. सीएम रमेश, बीजेपी
बीजेपी सांसद सीएम रमेश ने अपने चुनावी हलफनामे में 497 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है। उन्होंने 2024 का लोकसभा चुनाव आंध्र प्रदेश के अनकापल्ले सीट से लड़ा और वाईएसआरसीपी के बुदी मुत्याला नायडू को 2.96 लाख से ज्यादा वोटों से हराया।
6. ज्योतिरादित्य सिंधिया, बीजेपी
बीजेपी के ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपनी कुल संपत्ति 424 करोड़ रुपये से अधिक घोषित की है। मध्य प्रदेश के गुना लोकसभा से सिंधिया ने 5.40 लाख से अधिक वोटों के अंतर से शानदार जीत हासिल की। अब सिंधिया को टेलीकॉम मिनिस्टर और पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास मंत्री के रूप में नियुक्त किया गया है।
7. छत्रपति शाहू महाराज, कांग्रेस
कांग्रेस के छत्रपति शाहू महाराज ने अपनी कुल संपत्ति 342 करोड़ रुपये से ज्यादा घोषित की है। छत्रपति शाहू महाराज ने महाराष्ट्र के कोल्हापुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और शिवसेना के संजय मांडलिक को लगभग 1.54 लाख वोटों के अंतर से हराया।
8. श्रीभारत मथुकुमिली, टीडीपी
टीडीपी के श्रीभारत मथुकुमिली की कुल संपत्ति 298 करोड़ रुपये से ज्यादा है। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम लोकसभा सीट से चुनाव लड़ते हुए उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी वाईएसआरसीपी की झांसी लक्ष्मी बोत्चा को 5 लाख से अधिक वोटों के अंतर से हराकर जीत हासिल की।
9. हेमा मालिनी, भाजपा
बॉलीवुड से राजनीति में आने वाली दिग्गज एक्ट्रेस और तीन बार की सांसद हेमा मालिनी की कुल संपत्ति 278 करोड़ रुपये से ज्यादा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश की मथुरा सीट से चुनाव लड़ा और कांग्रेस के मुकेश धनगर को 2.93 लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीत की हैट्रिक लगाई।
10. प्रभा मल्लिकार्जुन, कांग्रेस
मल्लिकार्जुन की कुल संपत्ति 241 करोड़ रुपये से ज़्यादा है। उन्होंने कर्नाटक के दावणगेरे लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी, बीजेपी की गायत्री सिद्धेश्वरा को 26,000 से अधिक वोटों से हराया।