उत्तराखंड विधानसभा चुनाव (Uttarakhand Assembly Election) में हार बाद के आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़ चुके कर्नल (रि.) अजय कोठियाल (Ajay Kothiyal) ने मंगलवार को BJP का दामन थाम लिया है। कोठियाल देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में पार्ट में शामिल हुए। AAP ने राज्य में अजय कोठियाल के चेहरे पर ही चुनाव लड़ा था। वे उत्तराखंड में AAP के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार थे।
अजय कोठियाल और पार्टी की प्रदेश इकाई के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष भूपेश उपाध्याय ने 18 मई को AAP से इस्तीफा दे दिया था। दोनों नेताओं ने अपने इस्तीफे AAP संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अलग-अलग सौंपे थे।
पूर्व सैन्य अधिकारी ने अपने इस्तीफे की एक कॉपी ट्विटर पर पोस्ट करते हुए पार्टी छोड़ने के अपने फैसले की घोषणा की थी। राज्य विधानसभा चुनाव में गंगोत्री सीट से चुनाव लड़ने वाले कोठियाल की जमानत जब्त हो गई थी।
केजरीवाल को लिखे अपने पत्र में कर्नल कोठियाल ने कहा था, "मैं 19 अप्रैल 2021 से लेकर 18 मई 2022 तक आम आदमी पार्टी का सदस्य रहा हूं। पूर्व सैनिकों, अर्धसैनिक बलों के पूर्व कर्मियों, बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बुद्धिजीवियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मैं 18 मई को अपना इस्तीफा आपको भेज रहा हूं।"
बताया जा रहा था कि चुनाव में मिली हार के बाद पार्टी की तरफ से अपने साथ किए जा रहे कथित 'व्यवहार' से कर्नल कोठियाल खुश नहीं थे। उत्तराखंड में पार्टी के प्रदर्शन का विश्लेषण करने के लिए दिल्ली में हुई बैठक में भी कर्नल कोठियाल को नहीं बुलाया गया था।
कोठियाल उत्तरकाशी स्थित नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के पूर्व प्राचार्य रहे हैं। 2013 के केदारनाथ त्रासदी के बाद बचाव और पुनर्वास के प्रयासों के लिए कोठियाल की काफी सराहना की गई थी।
वह स्थानीय युवकों को सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए ट्रेनिंग कराने वाला एक संगठन चलाते हैं। वह इस साल 19 अप्रैल को अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी में शामिल हुए थे।
केजरीवाल ने पार्टी के CM उम्मीदवार के लिए उनका नाम घोषित करते हुए कहा था, "कर्नल अजय कोठियाल वह व्यक्ति हैं, जिन्होंने 10,000 से ज्यादा युवाओं को सेना में भर्ती कराया है। वे जानते हैं कि रोजगार कैसे दिया जाता है और उत्तराखंड का भविष्य उनके हाथों में सुरक्षित और सुनहरा होगा। पार्टी दुनिया भर में रहने वाले भारतीयों के लिए राज्य को आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित करेगी।"