एक कोड वर्ड, एक ऑडियो रिकॉर्डिंग और एक अधिकारी, कैसे भ्रष्टाचार के मामले में भगवंत मान ने अपने ही मंत्री का किया पर्दाफाश

मंत्री रहते हुए विजय सिंगला ने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के एक प्रोजेक्ट को मंजूरी देने के लिए बठिंडा के एक ठेकेदार से कथित तौर पर कमीशन मांगा था

अपडेटेड May 24, 2022 पर 5:16 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
भ्रष्टाचार के मामले में भगवंत मान अपने ही मंत्री का किया पर्दाफाश (FILE PIC)

पंजाब (Punjab) के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला (Vijay Singla) को भ्रष्टाचार (Corruption) के मामले में शामिल पाए जाने के बाद, मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने उन्हें मंत्रीमंडल से बर्खास्त कर दिया। सिंगला का खुलासा एक कोड वर्ड से हुआ था। News18 ने सूत्रों के हवाले से बताया कि मंत्री ने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के एक प्रोजेक्ट को मंजूरी देने के लिए बठिंडा के एक ठेकेदार से कथित तौर पर कमीशन मांगा था।

सूत्रों के अनुसार विभाग के एक अधिकारी ने मुख्यमंत्री से संपर्क किया था और उन्हें एक 'डील' के बारे में बताया था। सीएम ने उस अधिकारी की पहचान छुपाने का वादा करते हुए मंत्री के खिलाफ सबूत मांगा।

सूत्रों ने बताया कि अधिकारी और जिस व्यक्ति से कमीशन मांगा गया था, उसने सिंगला के साथ बैठक की ऑडियो रिकॉर्डिंग की। जब यह रिकॉर्डिंग सीएम तक पहुंचीं और मंत्री और उनके विभाग के मामलों में उनके व्यवहार के बारे में पूछताछ की गई, तो मान ने उनसे आमने-सामने पूछने का फैसला किया।


इसके बाद विजय सिंगला को बुलाया गया और उनके सामने इस रिकॉर्डिंग को चलाया गया। उनसे यह साबित करने के लिए कहा गया कि क्या यह उनकी आवाज है।

Punjab: भ्रष्टाचार के आरोप में CM भगवंत मान ने स्वास्थ्य मंत्री को हटाया, पुलिस ने विजय सिंगला को किया गिरफ्तार

सूत्रों ने कहा कि ऑडियो रिकॉर्डिंग में, मंत्री कथित तौर पर ठेकेदार से अपने भतीजे को "शुकराना" (कमीशन के लिए कोड वर्ड) देने के लिए कह रहे थे। ऑडियो रिकॉर्डिंग सुनने पर, मंत्री ने स्वीकार किया कि ये उनकी ही आवाज थी।

इसके बाद मान ने मामले की जांच के लिए मोहाली और पुलिस के एंटी करप्शन ब्योरो में FIR दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद सिंगला को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सीएम चाहते तो मामले को दबा सकते थे- केजरीवाल

मान की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए, आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा, "आप पर गर्व है भगवंत। आपकी ये कार्रवाई देख मेरी आंखों में आंसू आ गए। आज पूरा देश आप पर गर्व महसूस कर रहा है।"

केजरीवाल ने एक बयान में कहा, "पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने स्वास्थ्य मंत्री को भ्रष्टाचार के मामले में बर्खास्त कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री मामला दबा सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।"

उन्होंने आगे कहा, "अब तक सारी पार्टियों में सेटिंग होती थी। वह अपने मंत्रियों को पकड़ना तो दूर यह एक दूसरे के नेताओं के खिलाफ तक कार्रवाई तक नहीं करते थे। ऐसा पहली बार हो रहा है कि कोई पार्टी अपने खुद के मंत्री के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।