UP Election 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बोले- पार्टी जहां से कहेगी वहां से लडूंगा

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पार्टी जहां से कहेगी मैं वहां से उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव लडूंगा

अपडेटेड Jan 02, 2022 पर 11:45 AM
सीएम योगी ने दावा किया है कि बीजेपी इस बार भी 300 से ज्यादा सीटें जीतकर प्रदेश में एक बार फिर सरकार बनाएगी

UP Election 2022: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। हालांकि वह किस विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में जोर आजमाएंगे, इस पर फैसला भारतीय जनता पार्टी (BJP) करेगी। सीएम योगी ने दावा किया है कि बीजेपी इस बार भी 300 से ज्यादा सीटें जीतकर प्रदेश में एक बार फिर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जहां से कहेगी मैं वहां से यूपी विधानसभा का चुनाव लडूंगा।

COVID-19 मामलों के बढ़ने की आशंका के बीच केंद्र ने राज्यों को दिया अस्थायी अस्पताल बनाने और हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार लाने के निर्देश

सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कुछ पत्रकारों से औपचारिक बातचीत में स्पष्ट किया कि वह आगामी विधानसभा चुनाव लडेंगे। उन्होंने कहा कि वह कहां से चुनाव मैदान में उतरेंगे, इस बात का फैसला भारतीय जनता पार्टी नेतृत्व करेगा। पीटीआई के मुताबिक, सीएम योगी ने पत्रकारों से कहा कि मेरे चुनाव लड़ने पर कोई संशय नहीं है, लेकिन मैं चुनाव कहां से लडूंगा इस बात का फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा। बता दें कि सीएम योगी इस समय उत्तर प्रदेश विधानपरिषद के सदस्य हैं।


अयोध्या, मथुरा या गोरखपुर से लड़ सकते हैं चुनाव

जब उनसे पूछा गया कि वह अयोध्या से चुनाव लड़ेंगे या मथुरा से या गोरखपुर से, तब उन्होंने कहा कि पार्टी जहां से कहेगी, मैं वहां से चुनाव लडूंगा। सीएम योगी से जब पूछा गया कि कोई ऐसा कार्य जो वह अपने पांच साल के कार्यकाल में नहीं कर पाएं, उन्होंने कहा कि जो हमने कहा था वे सब काम किये। ऐसा कोई काम नहीं बचा जिसका मुझे पश्चाताप हों। कुछ क्षेत्रों में विधायकों के प्रति नाराजगी होने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इस समय हमारी जनविश्वास यात्राएं निकल रही हैं। जनविश्वास यात्राएं हमारी तीन जनवरी को पूरी होने जा रही हैं। आप देखेंगे इसके बाद और भी अच्छा वातावरण प्रदेश में देखने को मिलेगा।

मंत्रियों और विधायकों की कटेगी टिकट?

जब मुख्यमंत्री योगी को यह बताया गया कि ऐसी चर्चा है कि मंत्रियों और विधायकों में यह डर हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनका टिकट कट सकता है, उन्होंने कहा कि बीजेपी एक विराट परिवार है। वहां व्यक्ति की भूमिका अलग-अलग समय में अलग-अलग होती है। यह आवश्यक नहीं कि एक व्यक्ति हमेशा सरकार में रहें। कभी वह संगठन का काम भी कर सकता हैं। चुनाव कब होंगे इस सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका निर्णय चुनाव आयोग ही करेगा तथा चुनाव के समय कोरोना प्रोटोकॉल का पूरा पालन किया जाएगा।

300 यूनिट मुफ्त बिजली पर अखिलेश को जवाब

जब उनसे पूछा गया कि 2017 के चुनाव और 2022 में होने वाले चुनाव में क्या फर्क नजर आता हैं? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि 2017 में हम राज्य सरकार की नाकामियों पर लड़ रहे थे, इस बार राज्य की कामयाबियों को आगे रख कर चुनाव लड़ रहे हैं। राज्य सरकार ने विकास के कार्य किये हैं, उसी के आधार पर हम चुनाव लड़ रहे हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के तीन सौ यूनिट बिजली फ्री करने संबंधी वादे पर उन्होंने कहा कि जनता जानती हैं कि 2017 से पहले प्रदेश के केवल पांच जिलों में ही बिजली आती थी।

PM मोदी आज मेरठ में रखेंगे मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की आधारशिला, 700 करोड़ रुपए में बनकर होगा तैयार, जानिए क्या होगा खास

उत्तर प्रदेश में आसन्न विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नए साल के पहले दिन शनिवार को यादव ने कहा कि उनकी पार्टी अगर सत्ता में आती है तो लोगों को 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त मिलेगी और सिंचाई बिल माफ किया जाएगा। राज्य में 2017 से पहले सपा की सरकार थी। जब सीएम योगी से पूछा गया कि कांग्रेस महिलाओं को स्कूटी देने की बात कह रही हैं, मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान, पंजाब और छत्तीसगढ़ में भी तो कांग्रेस की सरकार हैं वहां उसने कितने लोगों को स्कूटी दे दी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।