Poonch Encounter: जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सेना ने घुसपैठ की कोशिश को किया नाकाम, 4 आतंकी ढेर

Poonch Encounter: सीमा पार से हथियारबंद आतंकवादियों, हथियारों और नशीले पदार्थों को भेजने की कोशिशों के मद्देनजर पुंछ में वाहनों की आकस्मिक तलाशी और औचक जांच तेज कर दी गई है। इससे पहले सुरक्षाबलों ने 16 और 17 जुलाई की रात को पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर दो आतंकवादियों को मार गिराया था

अपडेटेड Jul 18, 2023 पर 12:22 PM
Story continues below Advertisement
Poonch Encounter: पुंछ के सिंधरा इलाके में सुरक्षा बलों ने संयुक्त ऑपरेशन में चार आतंकियों को मार गिराया है

Poonch Encounter: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मंगलवार को चार आतंकवादियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि सेना और पुलिस ने सोमवार रात सुरनकोट के सिंधरा टॉप इलाके में एक संयुक्त अभियान चलाया, जिसके बाद मुठभेड़ छिड़ गई। जम्मू क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) मुकेश सिंह ने बताया कि मंगलवार तड़के करीब पांच बजे मुठभेड़ फिर से शुरू हुई, जिसमें चार आतंकवादी मारे गए। सुरनकोट तहसील के सिंदाराह और मैदाना में सोमवार दोपहर 'ऑपरेशन त्रिनेत्र 2' शुरू किया गया था। इस अभियान के दौरान छिपे हुए आतंकवादियों के साथ भीषण गोलीबारी हुई।

भारतीय सेना के एक अधिकारी ने बताया कि पुंछ के सिंधरा इलाके में सुरक्षा बलों ने संयुक्त ऑपरेशन में चार आतंकियों को मार गिराया है। सुरक्षा बलों के बीच पहली मुठभेड़ कल (17 जुलाई) रात करीब 11:30 बजे हुई जिसके बाद निगरानी उपकरणों के साथ ड्रोन तैनात किए गए। आज (18 जुलाई) सुबह सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच भारी गोलीबारी के साथ मुठभेड़ फिर से शुरू हो गई। भारतीय सेना के विशेष बल, राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान अन्य बलों के साथ ऑपरेशन का हिस्सा थे। ऑपरेशन में मारे गए आतंकवादी संभवतः विदेशी आतंकवादी हैं। फिलहाल, उनकी पहचान का पता लगाया जा रहा है।

'व्हाइट नाइट कॉर्प्स' ने ट्वीट किया, "ऑपरेशन त्रिनेत्र द्वितीय। खुफिया जानकारी के आधार पर घेराबंदी की गई और बड़ा तलाश अभियान चलाया गया। पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील के सिंधरा और मैदाना गांवों के पास भारतीय थल सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक संयुक्त अभियान में चार आतंकवादी मारे गए।" 'व्हाइट नाइट कॉर्प्स' ने बताया कि इस दौरान 4 AK-47 राइफल, दो पिस्तौल और अन्य सामग्री बरामद की गई। उसने कहा कि इन आतंकवादियों की मौत से राजौरी और पुंछ इलाके में बड़ी आतंकवादी घटनाएं टल गई हैं। फिलहाल, क्षेत्र में तलाश अभियान अभी जारी है।


ये भी पढ़ें- Modi surname Case: मानहानि मामले मे राहुल गांधी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 21 जुलाई को होगी सुनवाई

सीमा पार से हथियारबंद आतंकवादियों, हथियारों और नशीले पदार्थों को भेजने की कोशिशों के मद्देनजर पुंछ में वाहनों की आकस्मिक तलाशी और औचक जांच तेज कर दी गई है। सुरक्षाबलों ने 16 और 17 जुलाई की रात को पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर दो आतंकवादियों को मार गिराया था। अधिकारियों ने बताया कि घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।